भाजपा की साजिश नहीं होने देंगे सफल : स्टीफन
महेशपुर (पाकुड़) : महेशपुर विधानसभा क्षेत्र के झामुमो प्रत्याशी सह पूर्व उपमुख्यमंत्री स्टीफन मरांडी
महेशपुर (पाकुड़) : महेशपुर विधानसभा क्षेत्र के झामुमो प्रत्याशी सह पूर्व उपमुख्यमंत्री स्टीफन मरांडी ने कहा कि भाजपा एसपीटी एक्ट में संशोधन कर आदिवासियों को उनके हक से वंचित करना चाहती है। लेकिन भाजपा की इस साजिश को झामुमो सफल नहीं होने देगा। स्टीफन शुक्रवार को चंद्रपुरा में नुक्कड़ सभा को संबोधित करते हुए उक्त बातें कहीं। उन्होंने कहा कि झामुमो आदिवासियों के हितों के साथ खिलवाड़ को कभी बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि यदि एसपीटी एक्ट में संशोधन करा पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाने की भाजपा कोशिश करेगी तो झामुमो आंदोलन के लिए सड़क पर उतरेगा।
इसी क्रम में पूर्व विधायक सुफल मरांडी ने कहा कि झामुमो झारखंड की आबोहवा में रची बसी पार्टी है। आदिवासियों के मर्म को पार्टी समझती है। उनके हितों की लड़ाई हमेशा झामुमो ही लड़ता आया है। पूर्व विधायक ने कहा कि आदिवासी किसी दल के झांसे में नहीं आने वाले हैं। वह झामुमो को ही अपना समर्थन देंगे।
इस मौके पर जिलाध्यक्ष श्याम यादव, मनोज मरांडी, पप्पू अंसारी आदि मौजूद थे।