अमित शाह व्यापारियों के दलाल : हेमंत
- मुख्यमंत्री ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पर साधा निशाना - प्रधानमंत्री को व्यापारियों का राजनीत
- मुख्यमंत्री ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पर साधा निशाना
- प्रधानमंत्री को व्यापारियों का राजनीतिक चेहरा बताया
जागरण टीम, साहिबगंज/बरहेट : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार को पुलिस लाइन मैदान में चुनावी सभा में कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह व्यापारियों के दलाल हैं। नरेंद्र मोदी व्यापारियों का राजनीतिक चेहरा हैं। इनकी नजर झारखंड की खनिज संपदा पर है। शिबू सोरेन ने लंबी लड़ाई लड़कर व झारखंड के लोगों ने खून पसीने से सींच कर राज्य का निर्माण किया है। झामुमो को रोकने के लिए पूंजीपतियों ने गठबंधन बनाया है। फिर से आदिवासियों पर जुल्म किया जा रहा है।
हेमंत ने कहा कि हमने 14 माह में वह कार्य किया है जो अन्य सरकारों ने 14 साल में नहीं किया। नरेंद्र मोदी जब अमेरिका गए तो वहां दवा व्यापारियों के साथ खाना खाया और यहां दवा की कीमत बढ़ गई। मोदी सरकार को महंगाई बढ़ाने वाली सरकार बताया। झामुमो भाजपा के ईट का जवाब पत्थर से देगा।
इसके बाद हेमंत ने झामुमो प्रत्याशी के रूप में नामांकन करने के बाद बरहेट के सिंगा मैदान में सभा को संबोधित करते हुए कहा कि संताल परगना झामुमो का गढ़ है। बरहेट झामुमो के लिए ऐतिहासिक सीट है। आदिवासियों का तीर-धनुष उनके मान-सम्मान का प्रतीक है। इससे आदिवासी समाज का जुड़ाव है। भारत में ईस्ट इंडिया कंपनी बिजनेस करने आई थी तो क्षेत्र के वीर सपूत तिलकामांझी तथा सिदो कान्हू व चांद भैरव ने उन्हें भगाने के लिए गोलियों का जवाब तीर-धनुष से दिया था। प्रधानमंत्री पर चुटकी लेते हुए कहा कि गुजरात का मुख्यमंत्री रहते हुए उन्होंने सिर्फ पूंजीपतियों के लिए काम किया। अब प्रधानमंत्री बनने के बाद उनकी नजर झारखंड की खनिज संपदा पर है। उनकी मंशा इस राज्य में पूंजीपतियों को लाने की है। भाजपा की सरकार बनी तो राज्य में पूंजीपतियों की पैठ बढ़ जाएगी। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी हेमलाल मुर्मू पर प्रहार करते हुए कहा कि झामुमो ने हेमलाल को विधायक के बाद सांसद बनाया, शिक्षा मंत्री व स्वास्थ्य मंत्री तक बनाया लेकिन बरहेट का अपेक्षित विकास नहीं हो पाया। सीएनटी एक्ट को ले भाजपा पर राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य के आदिवासियों की जमीन पूंजीपतियों को नहीं दी जाएगी। राजमहल सांसद विजय हांसदा ने राज्य के विकास के लिए झामुमो का समर्थन करने की अपील की। मौके पर सीएम के भाई बसंत सोरेन, झामुमो के जिला सचिव पंकज मिश्रा, नजरूल इस्लाम, अंजीत भगत, राजा राम मरांडी, मजीबुल रहमान मौजूद थे।