लोकल ट्रेन में हजारों की लूट
जागरण संवाददाता,साहिबगंज: साहिबगंज-बर्दवान लोकल ट्रेन में शुक्रवार की सुबह करीब पांच बजे साहिबगंज से ट्रेन खुलने के बाद एक जेनरल बोगी में सवार यात्रियों से दो अपराधी ने हजारों रुपये लूटे। बाद में ट्रेन को कुछ दूरी पर वैक्यूम कर उतरकर चलते बने। ट्रेन में सरकारी रेल पुलिस साहिबगंज की पार्टी एस्काट कर रही थी। सरकारी रेल पुलिस के निरीक्षक एसपी सिंह ने बताया कि शाम में एक महिला ने शिकायत दर्ज करायी है। पुलिस घटना की छानबीन कर रही है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार की सुबह 4.45 बजे 53074 अप साहिबगंज-बर्दवान लोकल जैसे ही साहिबगंज रेलवे स्टेशन से खुली। बोगी संख्या 92598 जो पीछे से चौथी बोगी है इसमें दो अपराधी चढ़ गए। ट्रेन खुलने के बाद अपराधियों ने यात्रियों से लूटपाट शुरू की। शुक्रवार की शाम बरहेट की सुजाता झा ने साहिबगंज सरकारी रेल थाना पहुंचकर घटना की जानकारी पुलिस को दिया। एएसआइ प्रधान हेम्ब्रम ने बताया कि महिला यात्री ने पर्स से कुछ नगद व मोबाइल सहित अन्य सामान छीन लेने की बात कही है। बोगी में कुछ अन्य यात्रियों से रुपये लूटे गए। हालांकि वे थाना नहीं पहुंचे। सरकारी रेल पुलिस निरीक्षक एसपी सिंह ने बताया कि घटना हुई है।