रांची में पशु तस्करी के शक में दो समुदाय भिड़े, अमनपसंदों ने संभाला माहौल Ranchi News
रांची के उरूगुटू और बरौदी गांव में दो समुदायों में तनाव फैल गया थाा। जिसके बाद प्रशासन तथा स्थानीय समाजसेवियों की मुस्तैदी से माहौल सामान्य हुआ।
रांची, जासं। जिले के ठाकुरगंज थाना क्षेत्र फिर अमनपसंदों और पुलिस की मुस्तैदी के कारण सांप्रदायिकता की आग में झुलसने से बच गया। बताया जाता है कि ठाकुरगांव थाना क्षेत्र के उरूगुटू बरौदी गांव में गुरुवार सुबह लगभग आठ बजे पशु तस्करी के शक में दो समुदायों के लोग आपस में भिड़ गए। इस दौरान हल्की झड़प भी हुई। ऐन वक्त पर अमनपसंदों ने समझा-बुझाकर दोनों समुदाय को संभाला और वापस भेजा।
ठाकुरगांव के आरएसएस कार्यकर्ताओं को क्षेत्र में पशु तस्करी की सूचना मिली थी। इसके बाद प्रशासन को भी मामले की सूचना दी गई। पुलिस व आरएसएस कार्यकर्ताओं के पहुंचने के पूर्व पशु तस्कर जानवरों को पिठोरिया की ओर भगाकर ले गए। इसी बीच उरूगुटू गांव के पास तीन युवक अपने घर के मवेशियों को चराने ले जा रहे थे। पशु तस्करी के शक में ठाकुरगांव के युवकों की इनसे झड़प हो गई। बुद्धिजीवियों और पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराया। गांव में एहतियात के तौर पर पुलिस कैंप कर रही है। फिलहाल स्थिति सामान्य है।
अफवाह की वजह से बिगड़ता रहा माहौल
उरूगुटू गांव में एक समुदाय के युवकों के साथ मारपीट की अफवाह फैली। अफवाह फैलते ही समुदाय विशेष के लोग लाठी-डंडे के साथ मारपीट में शामिल युवकों को ढूंढते हुए बंसरी गांव पहुंच गए। बंसरी गांव में दोनों पक्षों में भिड़ंत हो गई। इस बीच स्थानीय समाजसेवियों ने बीच-बचाव करते हुए माहौल को शांत कराया।