रघुवर की बढ़ी धाक, शाह ने सौंपी अहम जवाबदेही
भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों की शनिवार को दिल्ली में हुई बैठक में झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास की धाक राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ी।
राज्य ब्यूरो , रांची। भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों की शनिवार को दिल्ली में हुई बैठक में झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास की धाक राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ी। खासकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन जमीन पर उतारने में उनकी फुर्ती की तारीफ की गई। केंद्र सरकार के फ्लैगशिप कार्यक्रमों को धरातल पर उतारने में झारखंड दूसरे भाजपा शासित राज्यों के मुकाबले आगे है।
चुनौती वाले राज्य झारखंड में उनके शासनकाल में हुए बेहतर कामकाज की चर्चा मुख्यमंत्री परिषद में हुई। शासन में भ्रष्टाचार खत्म करने को लेकर उनकी पहल और स्थानीय नीति की घोषणा की प्रशंसा वरिष्ठ नेताओं ने की। सीएनटी के अवरोध को खत्म करने को लेकर मुख्यमंत्री के प्रयास की भी तारीफ की गई। उनके बेहतर कामकाज को देखते हुए भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने उन्हें अत्यंत अहम जवाबदेही सौंपी
रघुवर दास को मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता वाली कमेटी में शामिल किया गया है। इस तीन सदस्यीय कमेटी को गरीबों के कल्याण के लिए योजनाओं के चयन और सूत्रण की जवाबदेही दी गई। इस कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर राज्यों में योजनाएं तैयार की जाएंगी। भाजपा शासित राज्यों में कई वरिष्ठ मुख्यमंत्री होने के बावजूद रघुवर दास को कमेटी में शामिल करने की चर्चा भाजपा के वरिष्ठ नेताओं में है।