निकाह के बाद मांगी पल्सर, लड़की ने दिया तलाक
निकाह के बाद लड़के वालों ने बाइक की मांग की तो दुल्हन ने तलाक दे दिया। दूल्हे को जूतों की माला पहनाई गई।
जासं, कांके/पिठोरिया (रांची)। निकाह के तीन घंटे बाद ही दहेज की मांग पर दुल्हन ने दूल्हे को खुला 'तलाक' दे दिया। मामला राजधानी रांची से 20 किलोमीटर दूर पिठोरिया थाना क्षेत्र के चंदवे गांव का है। मंगलवार रात बशरूद्दीन अंसारी की पुत्री रुबाना परवीन का निकाह सिकिदिरी निवासी अयूब अंसारी के पुत्र मुमताज अंसारी के साथ हुआ। निकाह के तत्काल बाद दूल्हा मुमताज ने दहेज में पल्सर मोटरसाइकिल की मांग कर दी। हालांकि देने के लिए लड़की पक्ष वालों ने पैशन प्रो ले रखा था।
पल्सर को ले श्र्वसुर से बकझक की। साथ में गाली गलौज भी। गांव वालों ने समझाया, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। दूल्हा बिना दुल्हन के वापस जाने की धमकी देने लगा। दुल्हन से अपने पिता का अपमान और यह बदतमीजी बर्दाश्त नहीं हुई। सुबह 3.30 बजे काजी मो. नसीम व अंजुमन इस्लाहुल मुस्लिेमिन के सदर मो. राहिल को बुलाकर दुल्हन का खुला (तलाक) करवाया गया। दूल्हे की फजीहत :हंगामे के बाद गांववालों ने दूल्हे और उसके पिता को पकड़ लिया। शादी में खर्च हुए पैसे की मांग की। मना किए जाने पर जूतों की माला पहनाई गई। साथ ही बाल भी आधा मुड़वा दिया गया।
इसी हालात में दूल्हे को गांव में घुमाया भी गया। गुस्साए ग्रामीणों ने दूल्हा के गले में 'मैं दहेज का लालची हूं' का बोर्ड भी टांग दिया। बुधवार दोपहर में मौके पर पुलिस भी पहुंची और दोनों पक्षों को समझाया। अंत में शादी में खर्च हुई करीब साढ़े छह लाख की राशि को वापस देने के लिखित समझौते के बाद दूल्हे और उसके भाई व पिता को ग्रामीणों ने छोड़ा। यहां बता दें कि दुल्हन पढ़ी लिखी है। वहीं, दूल्हा ऑटो चलाता है। पिता का अपमान करने वाला मेरा शौहर नहीं :दुल्हन रुबीना परवीन ने कहा, 'मेरे पिता व परिजनों के साथ गाली गलौज करने वाला व्यक्ति मेरा शौहर कभी नहीं हो सकता।'
दुल्हन के पिता बसरुद्दीन अंसारी ने बताया कि मैंने अपने हिसाब से अच्छी शादी तय की थी। सोना-चांदी के साथ-साथ घर का सामान, फर्नीचर और पैशन प्रो मोटरसाइकिल भी दी थी। पर, निकाह के बाद दूल्हे ने पल्सर मोटरसाइकिल की मांग कर दी। तब रिश्ता तोड़ दिया गया।दुल्हन का आज होगा निकाह :दहेज लोभी से रिश्ता तोड़ने के बाद रुबीना परवीन की शादी फिर से तय हो गई है। समाज की पहल पर लड़का ढूंढ लिया गया। बुधवार को ही फुटकल टोली रातू काठीटांड़ निवासी इलियास अंसारी के साथ निकाह संपन्न होगा। इसको लेकर दोनों पक्षों में सहमति बन गई है। इलियास पेशे से दर्जी है।
यह भी पढ़ेंः बस चालक ने स्कूल जा रही शिक्षिका की मांग में भर दिया सिंदूर