निमहांस की तर्ज पर विकसित हो सीआइपी : राज्यपाल
100वें स्थापना दिवस पर आयोजित शताब्दी समारोह का उद्घाटन करते हुए राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि सीआइपी राज्य के लिए गौरव की बात है।
जागरण संवाददाता, रांची। केंद्रीय मनोचिकित्सा संस्थान (सीआइपी) के 100वें स्थापना दिवस पर आयोजित शताब्दी समारोह का उद्घाटन करते हुए राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि मैंने अपने स्तर से प्रधानमंत्री व केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री से कहा है कि सीआइपी को निमहांस (राष्ट्रीय मानसिक जांच एवं तंत्रिका विज्ञान, बेंगलुरु) की तर्ज पर सभी सुविधाओं से युक्त किया जाए। इसे सेंटर ऑफ एक्सलेंस बनाया जाए। सीआइपी जैसा संस्थान राज्य के लिए गौरव की बात है। इसकी राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विशिष्ट पहचान है। उन्होंने कहा कि संस्थान अच्छा कार्य कर रहा है। अगर मानसिक रोगी सफल उपचार के बाद यहां से जाते हैं, तो मरीजों के साथ उनके परिजन भी दुआ देंगे।
यह भी पढें: विदेशी फंडिंग का ब्योरा देने को भाजपा, आप और कांग्रेस को मोहलत
राज्यपाल ने कहा कि अगर आपके परिवार में मनोरोग से संबधित बीमारी का थोड़ा भी शक हो तो, बेझिझक मनोचिकित्सक के पास ले जाएं। लोगों में यह गलत धारणा है कि समाज क्या कहेगा। लोगों को यह समझना होगा कि यह रोग अब आम समस्या है। इसके लिए समाज में जागरूकता लाने की जरूरत है। मेंटल डिस्ऑर्डर व डिप्रेशन पर काबू पाना एक महत्वपूर्ण चुनौती है। अवसाद एवं मानसिक बीमारियों के कारण सुसाइड की घटनाओं में अप्रत्याशित बढ़ोतरी हुई है।