मूर्तियों पर सियासतः लालू प्रसाद यादव ने नमो पर साधा निशाना
बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री व राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने कहा कि प्रधानमत्री नरेंद्र मोदी की शह पर मूर्तियां तोड़ी जा रही हैं।
जागरण संवाददाता, रांची। लेनिन की मूर्ति तोड़ने जाने पर बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री व राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने निंदा की। उन्होंने प्रधानमत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधाते हुए कहा कि मोदी की शह पर मूर्तियां तोड़ी जा रही हैं। बीजेपी और आरएसएस देश में लेनिन व अन्य महापुरुषों की मूर्तियां तोड़ रहे हैं। किसी महान विभूति, महान महापुरुष की मूर्तियां नहीं तोड़नी चाहिए। विचार कोई भी हो, लेकिन लेनिन की मूर्ति गिराकर मोदी अपने लिए रास्ता साफ कर रहे हैं। वे अहंकार में डूबे हुए हैं। खुद को विश्व विजेता समझ रहे हैं। जीते जी अपना फोटो लगवाना चाहते हैं, क्योंकि उन्हें दुबारा नहीं आना है।
डोरंडा कोषागार से अवैध निकासी से संवंधित चारा घोटाला मामले में सीबीआइ के विशेष न्यायाधीश प्रदीप कुमार की अदालत में पेश होने के बाद गुरुवार को लालू प्रसाद मीडिया से बात कर रहे थे। लालू को कोर्ट से जेल ले जाया गया। अन्य अभियुक्तों को भी कोर्ट में पेशी के बाद जेल ले जाया गया।
लालू ने कहा कि गांधी जी को गोली मारने वाले गोडसे के परिवार के सदस्य अब विभूतियों की मूर्ति तोड़ रहे हैं। आज लेनिन की प्रतिमा टूट रही है, कल गांधी और अंबेडकर साहब को तोड़ी जाएगी। राज्यसभा चुनाव में विपक्षी एकता पर उन्होंने कहा कि विपक्ष एकजुट है। चुनाव होगा। हमलोग विपक्ष को सपोर्ट करेंगे। कांग्रेस पर गुरुजी (शिबु सोरेन) द्वारा संदेह व्यक्त किए जाने के प्रश्न पर लालू ने कहा कि गुरुजी पुराने जमाने के आदमी है। इसलिए उन्हें संदेह रहता है। कांग्रेस धोखा नहीं देगा। साथ नहीं छोड़ेगा। पूर्वोतर राज्यों के चुनाव परिणाम पर लालू प्रसाद ने कहा कि ईवीएम के खेल से भाजपा जिती है। उन्होंने ईवीएम को छोड़कर बैलेट से चुनाव कराने की मांग उठाई।
होली के बाद पहली बार लालू को कोर्ट में पेश होने को लेकर कोर्ट परिसर में लालू से मिलने वाले राजद नेता व कार्यकर्ताओं की भीड़ थी। मुख्य रूप से प्रेदेश अध्यक्ष अन्नपूर्णा देवी, प्रदेश प्रवक्ता डा. मनोज कुमार, गिरीनाथ सिंह, मनोज भुईया सहित अन्य लोग थे। लालू प्रसाद से कविता देवी नामक महिला भी मिली। लालू ने उसे एक हजार रुपये परिवार के सदस्यों का ख्याल रखने के लिए दिया। कविता ने बताया कि उसके पति जेल में हैं ,जहां लालू प्रसाद हैं। उसके पति गनू उरांव लालू की सेवा में जेल में करता है।