गैंगस्टर अखिलेश सिंह ने पत्नी व खुद के नाम बनाई थी अकूत संपत्ति
अखिलेश सिंह व उसकी पत्नी गरिमा सिंह के विरुद्ध जमशेदपुर के बिरसा नगर थाने में 29 मार्च 2017 को प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
राज्य ब्यूरो, रांची। प्रवर्तन निदेशालय नई दिल्ली की टीम ने जमशेदपुर के आतंक गैंगस्टर अखिलेश सिंह की सात करोड़, 77 लाख 32 हजार 331 रुपये की संपत्ति जब्त की है। इसमें चल और अचल दोनों प्रकार की संपत्तियां शामिल हैं। प्रवर्तन निदेशालय के अनुसार उक्त संपत्ति कथित तौर पर जबरन वसूली, हत्या, अपहरण के दौरान वसूली गई राशि से बनाई गई संपत्ति है। राज्य पुलिस ने उनके खिलाफ 50 से अधिक प्राथमिकी दर्ज की है। पिछले साल राजधानी दिल्ली के निकट गुरुग्राम में एक मुठभेड़ में झारखंड की विशेष पुलिस टीम ने अखिलेश सिंह को गिरफ्तार किया था। मुठभेड़ के दौरान उसके पैरों में गोलियां भी लगी थीं। वर्तमान में अखिलेश और गरिमा झारखंड की दुमका जेल में बंद हैं।
जमशेदपुर पुलिस को मिली गुप्त सूचना पर छापेमारी के दौरान जाली दस्तावेज हाथ लगे थे। इसमें कुख्यात अपराधी अखिलेश सिंह व उसकी पत्नी गरिमा सिंह के विरुद्ध जमशेदपुर के बिरसा नगर थाने में 29 मार्च 2017 को प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इस प्राथमिकी के आधार पर प्रवर्तन निदेशालय ने मनी लांड्रिंग एक्ट के तहत मामला दर्ज किया था। दो फरवरी 2018 को संपत्ति जब्त करने का आदेश जारी किया था। इसके बाद सोमवार को अखिलेश सिंह की संपत्ति जब्त की गई है। प्रवर्तन निदेशालय की टीम ने 19 बैंकों में कुल 67 लाख, 32 हजार, 331 रुपये 92 पैसे। इसे प्रवर्तन निदेशालय ने फ्रीज करवा दिया है। यह राशि अखिलेश सिंह, उसकी पत्नी व अन्य रिश्तेदारों के खाते में जमा थी।
प्रवर्तन निदेशालय ने जिस संपत्ति को अटैच किया
- फ्लैट नंबर बी/04/04, हाउसिंग कांप्लेक्स, रायपुर रेसिडेंसी, मसूरी डायवर्सन रोड, देहरादून। अजीत सिंह के नाम से, कीमत एक करोड़ रुपये।
- प्लॉट यूनिट नंबर एसटीआर-006/12ए03, स्टार कोर्ट अपार्टमेंट, जेपी ग्रीन्स, ग्रेटर नोएडा में। गरिमा सिंह के नाम से। कीमत दो करोड़ 25 लाख रुपये।
- मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले के तिलहारी स्थित रजौल टाउनशिप में प्लॉट 1437 वर्गफीट। रिश्तेदार संजय सिंह के नाम पर। कीमत 45 लाख रुपये।
- जबलपुर में भूखंड, रिश्तेदार संजय सिंह के नाम पर। कीमत एक करोड़, 20 लाख रुपये।
- जबलपुर के निमखेड़ा में भूखंड रिश्तेदार संजय सिंह के नाम पर। कीमत 20 लाख रुपये।
- हरियाणा के गुड़गांव के जेएमडी गार्डेन में फ्लैट। पत्नी गरिमा सिंह व रिश्तेदार दिलीप सिंह के नाम पर। कीमत दो करोड़ रुपये।
- 19 बैंकों में कुल 67 लाख, 32 हजार, 331 रुपये 92 पैसे। इसे प्रवर्तन निदेशालय ने फ्रीज करवा दिया है।