घर में घुसकर बच्चों के सामने महिला की हत्या
डरे सहमे कशिश ने पुलिस को बताया की एक युवक ने उसकी मम्मी को कहा की दिसंबर माह में बुलाए थे क्या हुआ और फिर गोली मार दी।
रातू, संवाद सूत्र। देश की सीमा जम्मू में आर्मी के जवान के पद पर कार्यरत बिरसा टोप्पो की पत्नी बसंती कुजूर 40 वर्ष की रविवार की शाम लगभग सवा छह बजे दो अज्ञात अपराधियों ने सिर में गोली मारकर हत्या कर दी। घटना रातू थाना क्षेत्र के काटू गांव में घटी। घटना के समय बसंती अपने तीन छोटे-छोटे बच्चों को रूम में बैठाकर पढ़ा रही थी। मृतका के बड़े पुत्र नौ वर्षीय कशिश टोप्पो ने बताया की घर का गेट बंद था। मम्मी हम लोगों को पढ़ा रही थीं, तभी किसी ने गेट खटखटाया। मम्मी ने जब गेट खोला तो दो लोग घर के अंदर घुस गए। तभी मम्मी ने कुर्सी बैठने के लिए दी। इतने में एक युवक ने हाथ में पिस्तौल निकाला और मम्मी के सिर में गोली मार दी।
गोली मारने के बाद दोनों अपराधी पैदल ही घर से भाग निकले। कशिश ने बताया की वह हाथ जोड़कर अपनी मम्मी को नहीं मारने के लिए बोलता रहा, पर अपराधियों ने गोली मार दी और मौके पर ही बसंती को मौत हो गई। उसने बताया कि एक युवक मंकी टोपी से अपना चेहरा ढके हुए था, जबकि दूसरे का चेहरा खुला हुआ था। घटना के बाद से तीनों बच्चे सहमे हुए थे।
डरे सहमे कशिश ने पुलिस को बताया की एक युवक ने उसकी मम्मी को कहा की दिसंबर माह में बुलाए थे क्या हुआ और फिर गोली मार दी। घटनास्थल से पुलिस ने नाइन एमएम पिस्तौल का एक खोखा बरामद किया है। बसंती की हत्या किसने व क्यों की, इसका पता नहीं चल पाया है। घटना की जानकारी स्थानीय लोगों ने रातू थाना प्रभारी अमोद नारायण सिंह को दी।
जानकारी मिलते ही वे घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। पुलिस मृतका के शव को थाने लाई है। सोमवार को पोस्टमार्टम किया जाएगा। पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
मांडर की रहनेवाली थी बसंती बसंती मूल रूप से मांडर थाना क्षेत्र के प्रयागो गांव की रहने वाली है। उसका
मायका चान्हो थाना क्षेत्र के टांगर गांव में है। पिछले चार-पांच वर्षों से वह जमीन खरीदकर काटू में मकान बनाकर अपने बच्चों के साथ रह रही थी। जिस स्थान में मृतका का घर है वह नया मोहल्ला है और 10-12 की संख्या में घर बने हुए हैं। घटना के वक्त आसपास के सभी लोग घर में ही थे, पर घटना के बारे में किसी को पता नहीं चल पाया। लोगों ने बताया की गोली चलने की आवाज सुनाई पड़ी, लेकिन सभी पटाखे का
आवाज समझ घर में ही थे। मृतका के बड़े बेटे कशिश ने सभी को घटना की जानकारी दी।
हत्या के बाद से सहमे हैं तीनों बच्चे
बसंती के छोटे-छोटे दो पुत्र व एक पुत्री है। तीनों रातू कमड़े स्थित श्रद्धानंद बाल मंदिर में पढ़ते हैं। बड़ा पुत्र कशिश टोप्पो 9 वर्ष चौथे क्लास में, दूसरी पुत्री कोमल टोप्पो 7 वर्ष पहली क्लास में एवं तीसरा सबसे छोटा पुत्र विवेक टोप्पो 4 वर्ष प्रेप में पढ़ाई करता है। घटना के बाद से तीनों बच्चे सहमे हुए हैं। घटना की
जानकारी मृतका के पति बिरसा टोप्पो को दे दी गई है। वे वर्तमान में जम्मू में कार्यरत हैं।
यह भी पढ़ें: आइआरबी परीक्षा में हाईटेक चोरी करते 12 मुन्नाभाई गिरफ्तार