Move to Jagran APP

अब तालमेल की राह पर आगे बढ़ेगा झामुमो और कांग्रेस

झारखंड मुक्ति मोर्चा और कांग्रेस भविष्य में चुनावी तालमेल की तरफ बढ़ेंगे।

By Sachin MishraEdited By: Published: Tue, 21 Nov 2017 10:14 AM (IST)Updated: Tue, 21 Nov 2017 04:11 PM (IST)
अब तालमेल की राह पर आगे बढ़ेगा झामुमो और कांग्रेस

प्रदीप सिंह, रांची। झारखंड प्रदेश कांग्रेस की कमान बदलने के साथ ही बहुत कुछ बदलने वाला है। अब राज्य में सत्तासीन भाजपा और उसके सहयोगी दलों की चौतरफा घेराबंदी के साथ-साथ भविष्य में चुनावी तालमेल की तरफ झारखंड मुक्ति मोर्चा और कांग्रेस बढ़ेंगे। लालू प्रसाद यादव की राष्ट्रीय जनता दल पूर्व में ही झारखंड मुक्ति मोर्चा के साथ तालमेल पर राजी है।

loksabha election banner

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डा. अजय कुमार आरंभ से मोर्चा संग समझौता कर राजनीतिक आंदोलन और चुनाव लड़ने के पक्षधर हैं। कांग्रेस द्वारा उन्हें कमान सौंपे जाने के बाद झामुमो में उत्साह है। पार्टी के एक वरीय पदाधिकारी के मुताबिक सुलझा नेतृत्व राजनीति सूझबूझ का परिचय देगा। अगर विपक्षी दल एक साथ आए तो भाजपा को आसानी से शिकस्त दे पाएंगे। बिखरा विपक्ष ही भाजपा के लिए सबसे बड़ी मजबूती है और इस हकीकत को सभी समझ चुके हैं। दरअसल 2014 के विधानसभा चुनाव में झामुमो और कांग्रेस के बीच तालमेल की बात आगे नहीं बढ़ पाई थी।

बताते हैं कि निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष सुखदेव भगत इसके लिए तैयार नहीं थे। वे अंत तक इस बात पर अड़े रहे कि कांग्रेस को अकेले मैदान में जाना चाहिए। उन्होंने तालमेल के तहत ज्यादा सीटों की भी मांग की थी जो झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन को नागवार लगा था। कांग्रेस ने किसी चेहरे को आगे कर चुनाव लड़ने से इन्कार कर दिया था। ये तमाम वजहें एकता की राह में सबसे बड़ी बाधक बनी। बदली राजनीतिक परिस्थितियों में विपक्षी एकजुटता के लिए अनुकूल माहौल दिख रहा है। देर-सवेर इस गठबंधन में बाबूलाल मरांडी को भी शामिल करने की कोशिश की जा सकती है।

हेमंत के नेतृत्व पर भी हामी:

कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व झारखंड में हेमंत सोरेन को आगे करने के पक्ष में है। कुछ माह पूर्व नई दिल्ली में कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी से हेमंत सोरेन की लंबी बातचीत हुई। हेमंत सोरेन ने विपक्षी खेमे में लगातार अपनी गतिविधि बढ़ाई है। वे राज्य के बाहर भी विपक्षी दलों की रैलियों में जा रहे हैं।

आज आएंगे डा. अजय:

झारखंड प्रदेश कांग्रेस के नए अध्यक्ष डा. अजय कुमार मंगलवार को रांची आ रहे हैं। ताजपोशी के बाद उनका यह पहला दौरा है। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में स्वागत समारोह का आयोजन किया गया है। एयरपोर्ट से लेकर पार्टी दफ्तर तक कई स्थानों पर उनका अभिनंदन करने की तैयारी है।

यह भी पढ़ेंः बंदूक चमकाने व ठेकेदारी करने वालों को कांग्रेस में जगह नहींः डॉ. अजय

 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.