श्रुति चौधरी को एक साथ चार परीक्षाओं में मिली सफलता
श्रुति चौधरी ने चार राज्यों की ज्यूडिशियल सर्विसेज प्रतियोगिता परीक्षा में सफलता हासिल कर कीर्तिमान स्थापित किया है।
जागरण संवाददाता, रांची। रातू रोड स्थित आर्यपुरी मोहल्ला की श्रुति चौधरी ने चार राज्यों की ज्यूडिशियल सर्विसेज प्रतियोगिता परीक्षा में सफलता हासिल कर कीर्तिमान स्थापित किया है। इन्हें बिहार में तीसरा, झारखंड में आठवां, केंद्र शासित प्रदेश दिल्ली में 12वां व उत्तर प्रदेश में 21वां रैक मिला है।
श्रुति दिल्ली ज्यूडिशियल सर्विस में अपनी सेवा देगी। इन्होंने स्कूल ऑफ लॉ, क्राइस्ट यूनिवर्सिटी, बेगलूरू से विधि स्नातक किया है। दसवी की पढ़ाई बिशप वेस्टकॉट नामकुम व बारहवी की जेवीएम श्यामली से पूरी की है। जेवीएम के प्राचार्य एके सिंह ने बधाई देते हुए कहा कि श्रुति ने रांची का मान बढ़ाया है।
श्रुति वाणिज्य कर विभाग, अन्वेषण ब्यूरो, राची में सहायक आयुक्त के पद पर पदस्थापित अशेष कुमार चौधरी की पुत्री हैं। इनकी सफलता से माता अनुपमा चौधरी व परिवार के सभी सदस्यों में खुशी है। श्रुति ने कहा कि वह न्यायिक मान्यताओं को पूरी ईमानदारी व दृढ़ता के साथ निभाएंगी।
यह भी पढ़ेंः सादिक के साथ रहने की जिद पर अड़ी प्रिया, यूं परवान चढ़ा प्यार