सिमडेगा में भाजपा नेता मनोज नगेशिया की हत्या
मिली जानकारी के अनुसार मनोज नगेशिया जो गत विधानसभा चुनाव में भाजपा के कोलेबिरा विधानसभा प्रत्याशी थे, इंद मेला में भाग लेने गए थे
सिमडेगा, [जागरण संवाददाता] । भाजपा के कोलेबिरा प्रत्याशी रहे मनोज नगेशिया को शुक्रवार की देर रात अज्ञात अपराधी ने गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल मनोज को बीरू अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया। मनोज इंद मेला में हिस्सा लेने आए थे।
जिस वक्त मनोज को गोली मारी गई उस दौरान इंद मेला में बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे। फायरिंग के बाद मेले में अफरातफरी मच गई। इंद मेला सिमडेगा के कोलेबिरा स्थित लचरागढ़ में लगता है। इस संबंध में एसडीपीओ अमित कुमार सिंह ने बताया कि हमले में एक व्यक्ति का हाथ होने की सूचना मिल रही है, पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार मनोज नगेशिया जो गत विधानसभा चुनाव में भाजपा के कोलेबिरा विधानसभा प्रत्याशी थे, इंद मेला में भाग लेने गए थे। इस क्रम में रात्रि लगभग 10:45 बजे वे कार्यक्रम स्थल के समीप तारकेशवर सिंह के घर में अन्य लोगों के साथ भोजन कर रहे थे। तारकेश्र्वर का घर मेला स्थल से सटा हुआ है। इसी क्रम में एक अज्ञात अपराधी ने पीछे से आकर उन्हें गोली मार दी और मेले की भीड़ में गुम हो गया।
उक्त घटना के बाद मेला में अपरातफरी मच गई। विदित हो कि लाचरागढ़ में इंद मेला के दौरान रंगारंग कार्यक्त्रम का भी आयोजन किया जाता है, जिसमे विभिन्न जगहों से लोग भाग लेते हैं।