रिम्स में महिला तीमारदार से छेड़छाड़, आरोपी कर्मचारी निष्कासित
रिम्स में महिला तीमारदार के साथ छेड़खानी का मामला सामने आया है। घटना रांची की है।
जागरण संवाददाता, रांची। सुरक्षा को लेकर अक्सर विवादों के घेरे में आने वाले रिम्स में अब इलाजरत मरीज की महिला तीमारदार के साथ छेड़खानी की घटना हुई है। घटना मंगलवार देर रात की है। आरोपी मोनू रिम्स परिसर स्थित मेडॉल लैब का कर्मचारी है। मेडॉल प्रबंधन ने दावा किया है कि आरोपी को निष्कासित कर दिया गया है।
मरीज और उनके परिजन ने बुधवार को छेड़खानी की लिखित शिकायत की है। शिकायत में जिक्र है कि आरोपी ने पहले महिला तीमारदार के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया फिर छेड़खानी भी की। कार्रवाई के लिए प्रबंधन ने नर्सिग इंचार्ज, गायनी विभागाध्यक्ष और उपाधीक्षक से तत्काल जांच कर रिपोर्ट पेश करने को निर्देश दिया है।
जानिए, क्या है मामला
रिम्स के गायनी विभागाध्यक्ष डॉ.अनुभा विद्यार्थी की यूनिट में इलाजरत मरीज एडमिट है। मरीज के साथ उनके परिजन भी हैं। मंगलवार देर रात करीब एक बजे आरोपी मोनू गायनी वार्ड मेंखून का सैंपल लेने के नाम पर मरीज के पास गया था।
इसी क्रम में आरोपी ने परिजन से बातचीत करना चाहा और बाद में उसके साथ छेड़खानी और बलप्रयोग भी किया। इसके बाद रात करीब 3 बजे मरीज के अन्य परिजन रिम्स आए और मेडॉल में जमकर बवाल काटा। मरीज ने देर रात को ही नर्सिंग इंचार्ज को इसकी लिखित शिकायत दी। बुधवार को नर्सिग इंचार्ज ने विभागाध्यक्ष को लिखित पत्र देते हुए आरोपी को दोषी ठहराया।
----
जानिए, किसने क्या कहा
मामले की सूचना मिली है। प्रबंधन के स्तर पर जांच पूरी कर ली गई है। रिपोर्ट देर शाम तक आ जाएगी। जांच के आधार पर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मरीजों की सुरक्षा को लेकर किसी तरह का समझौता नहीं होगा।
-डॉ.एसके चौधरी,अधीक्षक,रिम्स।
---
घटना सामने आने के बाद कर्मचारी को निष्कासित कर दिया गया है। साथ ही नए नियम के तहत गायनी विभाग में रात के समय जो भी कर्मचारी जाएगा उसे पहले नर्सिग इंचार्ज से अनुमति लेनी होगी।
-अपूर्व,मैनेजर,रिम्स स्थित मेडॉल लैब।
---
यह भी पढ़ेंः डांस टीचर का नाबालिग स्टूडेंट पर आया दिल, जानिए फिर क्या हुआ