बच्चा चोर समझकर ग्रामीणों ने दो युवकों को किया लहूलुहान
पिटाई के शिकार दोनों युवकों से जब्त कार से पुलिस ने एक पिस्टल और कट्टा जब्त किया है।
तमाड़ (रांची),जागरण संवाददाता। बच्चा चोर की अफवाह में गुरुवार की रात दो युवकों की जहां बुरी तरह पिटाई की गई वहीं दोनों जिससे मिलने आ रहे थे उस युवक और उसकी मां को भी ग्रामीणों ने घेर लिया। पुलिस सक्रिय न होती तो दोनों की जान भी जा सकती थी। इसके पूर्व ग्रामीणों ने जमशेदपुर से आ रहे दो युवकों को पकड़कर लहूलुहान कर दिया। घटना से गुरुवार रात व शुक्रवार को दिनभर पुलिस परेशान रही।
पिटाई के शिकार दोनों युवकों से जब्त कार से पुलिस ने एक पिस्टल और कट्टा जब्त किया है। दरअसल, गुरुवार रात थाना क्षेत्र के लोहड़ी टिंपुर गांव में बच्चा चोरी की अफवाह उड़ गई थी। देखते ही देखते सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण परंपरागत हथियारों के साथ सड़क पर उतर गए। सभी चोरों को पकडऩे के प्रयास में इधर-उधर भटक रहे थे। इसी बीच मारूति कार से दो युवक कुंदन सिंह (कदमा, जमशेदपुर) तथा पवन कुमार पांडेय (गोलमुरी, जमशेदपुर) को पकडऩे के लिए ग्रामीणों ने दौड़ा लिया। भागने के दौरान उनकी कार गढ्डे में पलट गई। इसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने दोनों को पकड़कर बुरी तरह मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
दोनों टिंपुर निवासी विवेक राय केघर आ रहे थे। बाद में ग्रामीणों ने विवेक व उसकी मां जोसना देवी को भी अपने कब्जे में कर बंधक बना लिया। इसी बीच सूचना पुलिस को मिली। समय रहते पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों से युवकों को मुक्त करा लिया। बुंडू डीएसपी केवी रमण ने दोनों घायलों को इलाज के लिए रिम्स में भर्ती कराया है।
गांव की बच्ची के चोरी होने की उड़ी थी अफवाह गुरुवार रात में लोहड़ी टिंपुर निवासी संजय पुराण की बच्ची की चोरी हो जाने की अफवाह उड़ी। ग्रामीणों के बीच अफवाह फैली कि दो-चार युवक बच्चों की चोरी किडनी के लिए कर रहे हैं। इसके बाद ग्रामीण गोलबंद होने लगे। इसी बीच कार से आ रहे दोनों युवकों को शक के आधार पर पकडऩे के लिए दौड़ा लिया और बाद में पकड़ कर पिटाई कर दी।
पिटाई के क्रम में ही घायल एक युवक ने ग्रामीण का हाथ दांत से काट लिया। ग्रामीणों में यह बात चाकू से हमले होने के रूप में फैल गई। इससे ग्रामीण और आक्रोशित हो गए और जमकर पिटाई कर दी।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि समय पर पुलिस नहीं पहुंचती, तो ग्रामीण दोनों युवकों का सेंदरा कर देते। इसके बाद पुलिस ने जांच की तो कार में कुछ नहीं मिला। बाद में ग्रामीणों के जोर देने पर दोबारा जांच में कार के अंदर एक बैग में रखा पिस्टल और एक कट्टा बरामद किया। पुलिस इसकी जांच कर रही है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।
सुबह में पहुंची पुलिस प्रशासन की आला टीमआनन फानन मे शुक्रवार सुबह वरीय आरक्षी अधीक्षक कुलदीप द्विवेदी, ग्रामीण एसपी राजकुमार लकड़ा, एसपी अभियान आरसी मिश्रा,डीएसपी केवी रमण, इंस्पेक्टर संचमान तामांग, थाना प्रभारी जेके रमण सहित पुलिस बल घटना स्थल जाकर ग्रामीणों को समझाया बुझाया और अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की। बाद में प्रखंड की 23 पंचायतों के मुखिया के साथ तमाड़ थाना परिसर में ग्रामीण एसपी राजकुमार लकड़ा की अध्यक्षता में बैठक हुई।
इसमें अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की बात कही गई। निर्णय लिया गया कि पर्चा व बाजार में माइक से ग्रामीणों को जागरूक किया जाएगा। गांव में अनजान चेहरा देखकर पुलिस को जानकारी देने की भी बात कही गई। जागरूकता अभियान में मुखिया पुलिस को सहयोग करेंगे। बैठक में अभियान एसपी आरसी मिश्रा, डीएसपी केवी रमण, थानाप्रभारी जितेंद्र कुमार रमण, बीडीओ मारूती मिंज, सीओ रूबी कुमारी सहित पंचायत के मुखिया व पंचायत समिति सदस्य उपस्थित थे ।
घटना व हथियार बरामदगी की जांच की जा रही है। जांच में चौंकानेवाले तथ्य सामने आ सकते हैं।
- राजकुमार लकड़ा, ग्रामीण एसपी
यह भी पढ़ें: दादा ने पोती से की छेड़छाड़, ग्रामीणों ने पहनाई जूतों की माला