पुलिस का एंटी रोमियो तो शातिरों ने बनाया मनचला स्क्वाड
रांची : उत्तर प्रदेश की तरह झारखंड में शुरू किए गए एंटी रोमियो स्क्वाड की तर्ज पर अब शातिर लोगों ने
रांची : उत्तर प्रदेश की तरह झारखंड में शुरू किए गए एंटी रोमियो स्क्वाड की तर्ज पर अब शातिर लोगों ने भी मनचला स्क्वाड बना लिया है। यह स्क्वाड प्रेमी युगल को सुनसान रास्ते में पकड़कर पहले गाली-ग्लौज करता है। फिर डराता-धमकाता है। इसके बाद छेड़छाड़ भी करता है। इससे जुड़ी वीडियो शनिवार को वायरल हुई।
मामले में सीएम के राजनीतिक सलाहकार अजय कुमार ने पुलिस मुख्यालय के वाट्सग्रुप पर इसकी जानकारी दी। इसके बाद पुलिस मुख्यालय हरकत में आया। आनन-फानन में एडीजी मुख्यालय अजय भटनागर ने सभी रेंज डीआइजी और जिलों के एसपी एवं एसएसपी को मनचला स्क्वाड के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का निर्देश जारी किया है। ताकि इस तरह की घटना की पुनरावृति फिर से नहीं हो।
-------
हाथ जोड़ रही थी लड़की, पैसे वसूलने के बाद जाने दिया :
वायरल हुई वीडियो में दिख रहा है कि चार लड़कों ने मोटरसाइकिल पर जा रहे एक प्रेमी युगल को रोका। लड़का हेलमेट पहने था, जबकि लड़की अपना चेहरा हिजाब से ढकी हुई थी। मनचलों के सामने आने से लड़की एकदम डर गई। वह उनको बार-बार भइया जाने दीजिए की गुहार लगा रही थी। लेकिन वे मानने को तैयार नहीं हुए। इसके बाद लड़की ने कहा कि आप लोग दो थप्पड़ मार दीजिए लेकिन जाने दीजिए। इस पर लड़के ने पैसे देने की पेशकश की। कहा पैसे रख लीजिए भैया। इस पर एक मनचले ने कहा कि अरे पैसे का धौंस दिखा रहे हो। जाओ पहले दुर्गा मंदिर में 5001 रुपये दान करो। इसी दौरान दूसरा युवक बोला शर्माजी को फोन किए हैं। लड़की बोली इतना पैसा नहीं है। फिर उसने प्रेमी से कहा कि जो पैसा है, वह उनलोगों को दे दे। लड़का ने पॉकेट से पर्स निकालकर उनलोगों को करीब 500 रुपये दे दिए। सिर्फ पेट्रोल भरवाने के नाम पर एक सौ रुपये रख लिया। इस दौरान मनचलों में से एक प्रेमी युगल का वीडियो बना रहा था। इस पर लड़की ने चिल्लाते हुए कहा कि प्लीज वीडियो मत बनाएं। लेकिन मनचले बोले कि तुम्हारा वीडियो वाट्सएप पर वायरल होगा और वीडियो वायरल कर दिया। उधर, पैसा लेने के बाद प्रेमी युगल को मनचलों ने जाने दिया।
-----------