झारखंड लोक सेवा आयोग की प्रारंभिक परीक्षा में 5138 सफल
झारखंड लोक सेवा आयोग ने संयुक्त सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2016 का परिणाम जारी कर दिया है। इस परीक्षा में 5,138 अभ्यर्थी सफल हुए हैं।
राज्य ब्यूरो, रांची। झारखंड लोक सेवा आयोग ने गुरुवार को रात तीन बजे संयुक्त सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2016 का परिणाम जारी कर दिया। 18 दिसंबर को हुई इस परीक्षा में 5,138 अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए हैं। ये सभी 25 मई से 9 जून तक आयोजित होनेवाली मुख्य परीक्षा में शामिल होंगे। जेपीएससी ने इसकी संभावित तिथि पहले ही घोषित कर दी है।
326 पदों के लिए यह परीक्षा 229 केंद्रों पर दो पालियों में हुई थी। इसमें शामिल होने के लिए 1 लाख 6 हजार अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र जारी किए गए थे, जिनमें लगभग 80 फीसद उपस्थिति हुई थी। कुल 326 पदों में प्रशासनिक सेवा के 143, वित्त सेवा के 104, शिक्षा सेवा के 36, सहकारिता सेवा के 09, सामाजिक सुरक्षा सेवा के 03, सूचना सेवा के 07, पुलिस सेवा के 06 तथा योजना सेवा के 18 पद शामिल हैं।
यह भी पढ़ेंः सरकार बेचेगी शराब तो नुकसान उठाएंगे नेता
देर रात तक होता रहा काम
रिजल्ट जारी करने को लेकर जेपीएससी कार्यालय में गुुरुवार को देर रात तक काम होता रहा। अध्यक्ष, सदस्य, परीक्षा नियंत्रक ने अंतिम रूप देकर सुबह तीन बजे वेबसाइट पर परिणाम जारी किया। शुक्रवार को सुबह दस बजे रिजल्ट आयोग कार्यालय में चिपकाया गया। इधर, रिजल्ट के इंतजार में देर रात तक अभ्यर्थी आयोग कार्यालय के बाहर जमे रहे। उल्लेखनीय है कि कार्मिक विभाग की प्रधान सचिव निधि खरे ने दो दिन पूर्व शीघ्र रिजल्ट जारी करने का निर्देश आयोग के अध्यक्ष के. विद्यासागर को दिया था। शुक्रवार से लगातार तीन दिन सरकारी अवकाश को देखते हुए देर रात तक काम कर परिणाम को अंतिम रूप दिया गया।
12 नवंबर को अगली पीटी
अगली संयुक्त सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2017 बारह नवंबर को होगी। आयोग ने इसकी भी संभावित तिथि जारी की है। हालांकि आयोग को अभी तक सभी विभागों से रिक्तियां नहीं मिल पाई हैं। मुख्य परीक्षा आयोजित होने के बाद इसके लिए आवेदन आमंत्रित किए जाएंगे।