849 चेकडैम बनेंगे
रांची : सिंचाई सुविधा व जल की उपलब्धता सुनिश्चित करने को राज्य में 849 चेकडैम का निर्माण किया जाएगा।
रांची : सिंचाई सुविधा व जल की उपलब्धता सुनिश्चित करने को राज्य में 849 चेकडैम का निर्माण किया जाएगा। राज्य सरकार ने 349 चेकडैम और 500 श्रृंखलाबद्ध चेकडैम निर्माण के लिए 340.78 करोड़ की स्वीकृति दी है। जल संसाधन मंत्री चंद्रप्रकाश चौधरी ने बताया कि छोटे-छोटे नदी नालों के जल बहाव को रोककर चेकडैम का निर्माण किया जाएगा ताकि नदी नालों के जल को संरक्षित कर किसानों को सिंचाई सुविधा मुहैया कराई जा सके। चेकडैम के निर्माण के पूर्व स्थल का सर्वेक्षण कर जल के प्रवाह, मिट्टी के प्रकार व कमांड एरिया का भी आकलन किया जाएगा। साथ ही चेकडैम की लंबाई, चौड़ाई, गहराई व अन्य संबंधित विषयों का भी ध्यान रखा जाएगा। मंत्री ने जनप्रतिनिधियों से आग्रह किया कि वह निर्मित होने वाले चेकडैम की गुणवत्ता का ध्यान रखें और अपने सुझावों से विभाग को अवगत कराएं।