प्यार का झांसा देकर फांसा, दिल्ली ले जाकर बेचा
रांची : प्यार का झांसा देकर दिल्ली ले जाकर तीन नाबालिगों को बेचने का एक मामला शुक्रवार को एनजीओ दीया
रांची : प्यार का झांसा देकर दिल्ली ले जाकर तीन नाबालिगों को बेचने का एक मामला शुक्रवार को एनजीओ दीया सेवा संस्था के पास पहुंचा है। तीनों नाबालिग बच्चियां बेड़ो थाना क्षेत्र की हैं। नेहालु गांव के युवक पवन साहू पर लड़कियों को दिल्ली में बेचने का आरोप है। मामले में कोतवाली थाना परिसर स्थित एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (एएचटीयू) कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
पीड़ित परिवार ने पवन पर आरोप लगाते हुए बताया है कि दिल्ली ले जाने के बाद से तीनों लड़कियों का सुराग नहीं है। 12 जुलाई को धुरती रथ मेला के दिन इनमें से एक लड़की ने कॉल कर बताया था कि पवन ही प्यार का झांसा देकर उन्हें दिल्ली ले गया था। उन्हें किसके घर में रखा गया है, इसकी जानकारी नहीं मिली है।
पूरी जानकारी लेने के बाद दीया सेवा संस्था की सचिव सीता स्वांसी ने पीड़ित को लेकर एएचटीयू, कोतवाली पहुंचीं, जहां प्राथमिकी दर्ज कराई गई। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
---
पुलिस मुझे नहीं पकड़ सकती है: आरोपी
दीया सेवा संस्था की सचिव ने बताया कि आरोपी पवन अपने क्षेत्र के करीब 50 लड़कियों को दिल्ली ले जाकर बेच चुका है। इसके अलावा झारखंड से करीब हजारों लड़कियों को दिल्ली ले जा चुका है। मामले की जानकारी मिलने के बाद आरोपी से मोबाइल पर भी संपर्क किया गया। आरोपी पवन ने बताया कि पुलिस उसे कभी नहीं पकड़ सकती है। वह जहां है, वहां पुलिस पहुंच ही नहीं सकती।
---