गिलुवा ही थे पहली पसंद
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष के तौर पर सिंहभूम सांसद लक्ष्मण गिलुवा शुरू से ही भाजपा नेतृत्व की पहली पसंद थे।
राज्य ब्यूरो, रांची। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष के तौर पर सिंहभूम सांसद लक्ष्मण गिलुवा शुरू से ही भाजपा नेतृत्व की पहली पसंद थे। प्रदेश अध्यक्ष ताला मरांडी की विवादित कार्यसमिति की घोषणा के साथ ही उनका जाना और लक्ष्मण गिलुवा का बतौर अध्यक्ष कमान संभालना तय हो गया था। हालांकि इस बीच नेतृत्व ने लोकतांत्रिक प्रक्रिया को अपनाते हुए प्रदेश कोर कमेटी को दिल्ली तलब कर रायशुमारी की औपचारिकता पूरी की।
बताया जा रहा है कि मंगलवार को संगठन महामंत्री रामलाल ने प्रदेश कोर कमेटी के सदस्यों से अध्यक्ष के बाबत रायशुमारी की और फैसला राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह पर छोड़ दिया। इस बीच बुधवार को भी कोर कमेटी के कुछ सदस्यों ने संगठन महामंत्री से अलग-अलग मुलाकात कर लाबिंग की लेकिन गिलुवा के लिए मन बना चुके नेतृत्व ने तमाम सलाहों को दरकिनार कर दिया।
बता दें कि ताला मरांडी के अध्यक्ष बनने से पूर्व भी लक्ष्मण गिलुवा ही बतौर अध्यक्ष पहली पसंद थे। लेकिन स्थानीयता नीति को लेकर पांच सांसदों द्वारा मुख्यमंत्री रघुवर दास को दी गई सलाह के कारण उनका पत्ता कट गया था।