लक्ष्मण गिलुवा बने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष
भाजपा ने झारखंड प्रदेश की कमान चाईबासा सांसद लक्ष्मण गिलुवा को सौंपी है। दिल्ली में बुधवार को हुई झारखंड भाजपा की कोर कमेटी की बैठक में उनके नाम पर सहमति बनी।
राज्य ब्यूरो, रांची। भाजपा ने झारखंड प्रदेश की कमान चाईबासा सांसद लक्ष्मण गिलुवा को सौंपी है। दिल्ली में बुधवार को हुई झारखंड भाजपा की कोर कमेटी की बैठक में उनके नाम पर सहमति बनी। मुख्यमंत्री रघुवर दास समेत प्रदेश के तमाम शीर्ष नेताओं ने गिलुवा के प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने पर हर्ष व्यक्त किया है।
निजी और सांगठनिक विवादों में घिरने के बाद वर्तमान प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ताला मरांडी द्वारा दस अगस्त को इस्तीफा देने के बाद 23 अगस्त तक इस मसले पर निर्णय आने की बात दिल्ली में कही गई थी। हालांकि यह निर्णय तयशुदा तिथि के एक दिन बाद लिया गया है।
कोर कमेटी की बैठक में संगठन महामंत्री रामलाल, सह संगठन महामंत्री सौदान सिंह, प्रदेश प्रभारी त्रिवेंद्र सिंह रावत, केंद्रीय मंत्री सुदर्शन भगत, निवर्तमान अध्यक्ष सह सांसद रवींद्र राय, सांसद सुनील सिंह और पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा उपस्थित थे।