बारिश से सैकड़ों लोग बेघर, रांची में अलर्ट
लगातार हो रही बारिश के कारण राज्य की छोटी-बड़ी नदियों में उफान आ गया है। कई स्थानों पर सड़कें बह गई हैं तो कुछ स्थानों पर सैकड़ों घरों में पानी घुस आया है।
जेएनएन, रांची। लगातार हो रही बारिश के कारण राज्य की छोटी-बड़ी नदियों में उफान आ गया है। कई स्थानों पर सड़कें बह गई हैं तो कुछ स्थानों पर सैकड़ों घरों में पानी घुस आया है। सैकड़ों कच्चे मकान बारिश की भेंट चढ़ गए तो राष्ट्रीय राजमार्ग भी तालाब में तब्दील हो गया है। साहिबगंज में मंगलवार को विधायक अनंत ओझा, वहां के डीसी उमेश प्रसाद सिंह, एसपी पी मुरुगन, एसी निरंजन कुमार ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया और बाढ़ से निपटने की रणनीति बनाई गई। बारिश को लेकर राजधानी रांची व आसपास के क्षेत्रों में अलर्ट जारी किया गया है।
रांची जिले के प्रखंडों में पचास मकानों को क्षति पहुंची है। आपदा प्रबंधन की टीम को हर चुनौती से जूझने के लिए तैयार किया गया है। रामगढ़ स्थित रजरप्पा खदान में पानी घुस जाने से उत्पादन ठप हो गया है। इससे कंपनी को लाखों की क्षति हो रही है हालांकि पानी निकालने का युद्ध स्तर पर प्रयास किया जा रहा है।
पलामू जिले के पांकी में भारी बारिश से परसिया गांव की मुख्य सड़क बह गई। इससे परसिया गांव पूरी तरह से प्रखंड मुख्यालय से कट गया है। वहीं घासी बांध आहर भी तेज बारिश में बह गया। आहर टूटने से दर्जनों किसानों के खेतों में रोपी गई धान की फसल बह गई। खेतों में मिट्टी व बालू भर गया है।
तरहसी प्रखंड में कई घरों में पानी घुस जाने से दर्जनों लोगों को बेघर होना पड़ा है। क्षेत्र के लोग रात-रात भर जाग कर गुजार रहे हैं। गढ़वा जिले के मझिआंव में रामपुर पंचायत के रानीताली में अधूरे गार्डवाल टूटकर बह गये हैं। जिससे पंचायत के 100 एकड़ में लगी फसलें बह गईं। इसी जिले से होकर गुजरनेवाला एनएच 75 तालाब में तब्दील हो गया है।
हजारीबाग जिले में तेज बारिश से छड़वा डैम पर पानी का दबाव बढ़ गया है। स्थिति को देखते हुए पेयजल स्वच्छता विभाग द्वारा दो निकासी द्वारों को खोल दिया गया। जलापूर्ति के लिए लगाया गया प्लांट मोटर भी पानी में डूब गया है। इससे पेलवाल क्षेत्र में जलापूर्ति बाधित है। टुलू पंप लगाकर किसी तरह पानी को बाहर निकाला जा रहा है। कोडरमा जिले के मरकच्चों में बारिश के कारण कई मकान ध्वस्त हो गए।