नीतीश के गढ़ में रघुवर भरेंगे हुंकार
नीतीश को शिक्षा के मामले में आईना दिखाने के बाद मुख्यमंत्री रघुवर दास अब उनके गढ़ में जाकर चुनौती देंगे। बिहार प्रदेश भाजपा की तरफ से इसको लेकर हरी झंडी मिल गई है।
राज्य ब्यूरो , रांची। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पिछले दो महीने में झारखंड का चार बार दौरा कर चुके हैं। इस क्रम में वे लगातार मुख्यमंत्री रघुवर दास और भाजपा पर हमलावर रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी की मदद से भाजपा के खिलाफ राज्य में माहौल बनाने की कोशिश में लगे हुए हैं। अब हमला झेलने की बारी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की है।
नीतीश को शिक्षा के मामले में आईना दिखाने के बाद मुख्यमंत्री रघुवर दास अब उनके गढ़ में जाकर चुनौती देंगे। बिहार प्रदेश भाजपा की तरफ से इसको लेकर हरी झंडी मिल गई है। रघुवर दास 23 जुलाई को पटना के श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में नीतीश कुमार के खिलाफ हुंकार भरेंगे।
मुख्यमंत्री रघुवर दास को वैश्य जनप्रतिनिधियों के सम्मान समारोह में शामिल होने के लिए बुलाया गया है। इस कार्यक्रम के मुख्य आयोजनकर्ता बिहार भाजपा के विधायक सुनील कुमार पिंटू है।
मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कार्यक्रम में शामिल होने को लेकर अपनी सहमति प्रदान कर दी है। इस कार्यक्रम का मुख्य एजेंडा नीतीश कुमार के शासन में व्यापारियों के खिलाफ हो रहे जुर्म होगा।
झारखंड के मुख्यमंत्री बिहार के व्यापारियों को अपने यहां आकर उद्यम लगाने का निमंत्रण देंगे। रघुवर इस कार्यक्रम के माध्यम से अपनी सरकार के कामकाज की जानकारी बिहार के लोगों के सामने रखेंगे।