शिक्षक प्रशिक्षण संस्थानों के व्याख्याताओं का अलग कैडर
रांची : सरकारी शिक्षक प्रशिक्षण संस्थानों में व्याख्याताओं व प्राचार्यो का अब अलग कैडर होगा। इन पदों
रांची : सरकारी शिक्षक प्रशिक्षण संस्थानों में व्याख्याताओं व प्राचार्यो का अब अलग कैडर होगा। इन पदों पर अलग से नियुक्ति होगी। इन पदों पर अभी तक राज्य शिक्षा सेवा या अवर शिक्षा सेवा के पदाधिकारियों का ही पदस्थापन होता रहा है। राज्य सरकार ने इन पदों का अलग कैडर करते हुए झारखंड राज्य शिक्षक प्रशिक्षण संस्थान नियुक्ति नियमावली-2016 तैयार कर ली है। कैबिनेट की स्वीकृत के बाद स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने इसे अधिसूचित कर दिया। इसके तहत राजकीय प्राथमिक शिक्षक शिक्षा महाविद्यालय, जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) तथा जिला संसाधन केंद्रों (डीआरसी) में शिक्षण कार्य के लिए प्राचार्य तथा व्याख्याता के पद होंगे, जबकि राजकीय शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय, शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय, इंस्टीच्यूट आफ एडवांस स्टडीज में इन दोनों पदों के अलावा सह प्राध्यापक तथा सहायक प्राध्यापक के पद होंगे। राज्य सरकार इन पदों के स्वीकृत बलों का अलग-अलग आकलन कर झारखंड लोक सेवा आयोग से नियुक्ति की अनुशंसा करेगी। इन पदों के लिए वही अर्हता होगी, जो राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद तथा विश्वविद्यालय अनुदान आयोग ने निर्धारित की है। नियुक्ति में एकेडमिक उपलब्धियों पर 80 फीसद अंक मिलेंगे, जबकि बीस फीसद अंक साक्षात्कार से मिलेगा। नियमावली में यह भी प्रावधान किया गया है कि इन शिक्षण संस्थानों में कार्यरत राज्य शिक्षा सेवा व अवर शिक्षा सेवा के पदाधिकारियों से आवेदन लेकर साक्षात्कार के आधार पर उनकी योग्यता के समतुल्य पदों पर पदस्थापित किया जा सकेगा। इसके बाद जो शेष पदों पर सीधी भर्ती से जेपीएससी के माध्यम से नियुक्ति होगी।