एएनएम-जीएनएम की हड़ताल खत्म
रांची : स्थायीकरण सहित विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलनरत एएनएम व जीएनएम ने अपनी हड़ताल दो माह के लिए स्
रांची : स्थायीकरण सहित विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलनरत एएनएम व जीएनएम ने अपनी हड़ताल दो माह के लिए स्थगित कर दी है। झारखंड एनआरएचएम एएनएम-जीएनएम अनुबंध कर्मचारी संघ ने शुक्रवार को पदाधिकारियों के साथ वार्ता हुई थी, शनिवार को अभियान निदेशक आशीष सिंहमार का लिखित पत्र संघ को मिला, जिसमें इनकी मांगों पर दो माह के भीतर निर्णय लेने का आश्वासन दिया गया है। इसके बाद एएनएम-जीएनएम ने हड़ताल समाप्ति की घोषणा की।
संघ की पदाधिकारी जूही मिंज ने बताया कि एएनएम तथा जीएनएम ने भी राज्य सरकार को दो माह तक समय देने का निर्णय लिया है। यदि इस दौरान उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं होगी तो वे फिर से हड़ताल पर जा सकती हैं। इधर, राजभवन के समक्ष धरने पर बैठीं कई महिला अनुबंध कर्मियों ने संघ द्वारा आंदोलन स्थगित करने पर आश्चर्य प्रकट किया। इतने लंबे समय तक आंदोलन करने के बावजूद सरकार द्वारा उनकी मांगों पर ठोस आश्वासन नहीं मिलने के बावजूद हड़ताल स्थगित करने का विरोध भी किया। कुछ एएनएम तो धरना स्थल पर इसे लेकर रोने भी लगीं। लेकिन अंतत: आंदोलन समाप्त करने का निर्णय लिया गया।