पुलिस को सुधारें या वीआरएस देकर हटाएं
रांची : रांची पुलिस की कार्यशैली से क्षुब्ध मुख्यमंत्री रघुवर दास ने जन संवाद कार्यक्रम में हिस्सा ल
रांची : रांची पुलिस की कार्यशैली से क्षुब्ध मुख्यमंत्री रघुवर दास ने जन संवाद कार्यक्रम में हिस्सा लेने आए आइजी मुख्यालय आशीष बत्रा रांची पुलिस को सुधारने की सख्त हिदायत दी। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि जो लोग सुधर नहीं सकते उन्हें वीआरएस देकर नौकरी से हटाया जाए। नाकारा अधिकारियों से झारखंड का भला नहीं होने वाला है। रांची के ज्यादातर थाना प्रभारी शिकायतों पर कार्रवाई करने के बदले समझौता कराने में लगे रहते हैं, जिससे जनता को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पुलिस का काम कार्रवाई करना है, सुलह कराना नहीं। उन्होंने मीडिया में आई एक खबर का जिक्र करते हुए कहा कि एक लड़की को पढ़ने नहीं दिया जा रहा है। उसके साथ मारपीट की जा रही है। लालपुर थाना प्रभारी दोषियों पर कार्रवाई के बदले समझौता करने का दबाव लड़की पर डाल रहे हैं। यह बेहद आपत्तिजनक है। उन्होंने आईजी मुख्यालय को संबंधित थाना प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने काम नहीं करने वाले सभी थाना प्रभारियों को हटाकर युवा अधिकारियों के हाथ में कमान सौंपने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री की फटकार के बाद पुलिस मुख्यालय हरकत में आ गया। तत्काल असर यह हुआ कि लालपुर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अनिमेष कुमार गुप्ता, सदर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर मदन कुमार ठाकुर व तुपुदाना ओपी प्रभारी दारोगा संजय कुमार को निलंबित कर दिया गया। इसके साथ ही आईजी मुख्यालय आशीष बत्रा ने लालपुर थाना प्रभारी द्वारा केस में समझौता करने का दबाव डालने के मामले की जांच कराने का आदेश दिया है। रांची की सिटी एसपी जया रॉय को जांच रिपोर्ट जल्द सौंपने को कहा गया है। रिपोर्ट मिलने के बाद उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से लगातार शिकायत मिल रही थी कि रांची के ज्यादातर थाना प्रभारी एफआइआर दर्ज कराने जाने वाले लोगों को भगा देते हैं। कई मामलों में समझौता करने का दबाव डालते हैं।