पड़ोसी राज्यों को पानी देने के पक्षधर नहीं चंद्रप्रकाश
रांची : राज्य में सुखाड़ की गहरा रही आशंका के बीच जल संसाधन सह पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री चंद्रप्रकाश
रांची : राज्य में सुखाड़ की गहरा रही आशंका के बीच जल संसाधन सह पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री चंद्रप्रकाश चौधरी ने पड़ोसी राज्यों को पानी न देने की नई बहस छेड़ दी है। उन्होंने अंतरराज्यीय समझौते के तहत किए गए जल समझौते को सुखाड़ जैसी परिस्थिति पैदा होने पर बदलने की वकालत की है। मंत्री ने नई सिंचाई नीति बनाकर ऐसे मामलों का हल निकालने की बात कही है।
चंद्रप्रकाश ने शुक्रवार को जारी बयान में कहा कि राज्य में जिस तरह मौसम का मिजाज बदल रहा है, उससे निपटने के लिए सिंचाई नीति बनाना आवश्यक है। राज्य में जब भी कम बारिश होती है तो सिंचाई के अभाव में फसल नष्ट होने से सुखाड़ की स्थिति पैदा हो जाती है। पेयजल संकट भी बढ़ जाता है। अंतरराज्यीय समझौते के तहत इस परिस्थिति में भी हमें पड़ोसी राज्यों को जलाशयों में जमा पानी देना पड़ता है, जिससे हालात और खराब हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में सिंचित क्षेत्र का प्रतिशत राष्ट्रीय औसत से कम है। ऐसे में सिंचाई क्षमता बढ़ाने के लिए बराज, डैम व चेकडैम से गाद निकाला जाना जरूरी है। नए जल स्रोतों का निर्माण भी आवश्यक है। इस कार्य को सिंचाई नीति बनाकर ही अंजाम दिया जा सकता है और राज्य की सिंचाई क्षमता बढ़ाई जा सकती है। उन्होंने कहा कि सरकार जल्द ही सिंचाई नीति बनाने की दिशा में कार्रवाई शुरू करेगी।