कल पर्यटन नीति लांच करेंगे सीएम
रांची : मुख्यमंत्री रघुवर दास रविवार को राज्य सरकार की पर्यटन नीति विधिवत लांच करेंगे। पर्यटन विभाग
रांची : मुख्यमंत्री रघुवर दास रविवार को राज्य सरकार की पर्यटन नीति विधिवत लांच करेंगे। पर्यटन विभाग ने इसके लिए पुरजोर तैयारी की है। अंतरराष्ट्रीय पर्यटन दिवस को इस मौके के लिए चयनित किया गया है। पर्यटन मंत्री अमर कुमार बाउरी और विभागीय सचिव अविनाश कुमार ने संयुक्त रूप से यह जानकारी दी। दरअसल विभाग इस बार अंतरराष्ट्रीय पर्यटन दिवस को एक खास मौके के तौर पर इस्तेमाल करना चाहता है। इस लिहाज से दिनभर जहां विचार मंथन का दौर चलेगा वहीं शाम में झारखंडी व्यंजनों की सोंधी खुशबू से गुलजार होगा। आने वाले दिनों में विभाग देवघर-बासुकीनाथ प्राधिकार की तर्ज पर पारसनाथ को भी प्राधिकार का दर्जा देगी।
पर्यटन मंत्री ने कहा कि भले ही देर हुई हो लेकिन राज्य सरकार ने पर्यटन को देश-विदेश के मानचित्र पर उभारने का प्रयास किया है। पर्यटन नीति इसकी एक अहम कड़ी है। पर्यटन से ही झारखंड की छवि निखरेगी। पूर्व से झारखंड सैलानियों का पसंदीदा स्थान रहा है। इससे स्थानीय लोगों को रोजगार के साथ-साथ आय के अन्य साधन विकसित होंगे। पर्यटन की तमाम विधा को सरकार विकसित करेगी। इसकी शुरूआत कर दी गई है। खुद मुख्यमंत्री पर्यटन क्षेत्र में विकास को लेकर गंभीर हैं और वे रोजमर्रा के कामकाज की मानिट¨रग भी कर रहे हैं।
निवेशकों को टैक्स में छूट
पर्यटन नीति को धरातल पर उतारने के प्रयास में लगे विभागीय सचिव अविनाश कुमार ने कहा कि इस क्षेत्र में निवेश करने वालों को सरकार टैक्स में छूट देने के अलावा तमाम संसाधन मुहैया कराएगी। इसकी शुरूआत कर दी गई है। तमाम संसाधनों को निजी क्षेत्र की भागीदारी से लाभप्रद बनाया जाएगा। सिर्फ सरकार पर्यटन क्षेत्र का विस्तार नहीं कर सकती। इसके लिए निजी क्षेत्र का सहयोग आवश्यक है। जिन राज्यों ने पर्यटन के क्षेत्र में बेहतर किया है उन्होंने इसी माडल को अपनाया है। सरकार निवेशकों की सभी सुविधाओं का ख्याल रखेगी।
देसी खस्सी झोल और धुसका भी
अंतरराष्ट्रीय पर्यटन दिवस को यादगार बनाने के लिए विभाग ने रविवार की रात झारखंडी व्यंजनों के नाम किया है। होटल काब में झारखंडी थाली लोगों को परोसे जाएंगे। इसमें मांसाहारी-शाकाहारी दोनों प्रकार का व्यंजन होगा। देसी खस्सी झोल और खालिस देहाती चिकेन इसकी विशेषता होगी। इसके अलावा शाकाहारी मेनू में लाल साग, कुर्थी की दाल, पेंचकी पाता की सब्जी, ओल की सब्जी, धुसका, छिलका, मडुआ की रोटी, घुघनी आदि शुमार हैं।