राजस्व संग्रह में शिथिलता न बरतें अधिकारी
रांची : राज्य में निबंधन राजस्व में कमी की सूचनाओं पर मुख्यमंत्री सचिवालय ने त्वरित संज्ञान लिया है।
रांची : राज्य में निबंधन राजस्व में कमी की सूचनाओं पर मुख्यमंत्री सचिवालय ने त्वरित संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव संजय कुमार ने संबंधित विभाग को इस संबंध में आवश्यक निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि राजस्व संग्रहण में किसी भी प्रकार की शिथिलता नहीं बरती जाए। निबंधन विभाग ने वार्षिक राजस्व संग्रहण के आकड़ों का हवाला देते हुए उन्हें जानकारी दी कि सामान्यतया हरेक वर्ष पहली अगस्त से निबंधन की दरों में इजाफा किया जाता है। उसके पहले जून-जुलाई के महीने में निबंधन की रफ्तार बढ़ जाती है क्योंकि अधिकाश लोग निबंधन दर बढ़ने से पहले रजिस्ट्री करा लेना चाहते हैं, ताकि उन्हें पैसों की बचत हो। बरसात का यह मौसम खरीफ की खेती का समय होता है अधिकाश लोग कृषि कार्य में अपनी व्यस्तता के कारण निबंधन नहीं कराना चाहते हैं। बरसात के बाद पुन: निबंधन की संख्या बढ़ने लगती है।