इनामी नक्सली मंदीप व सनोज पंजाब में गिरफ्तार
रूपनगर/रांची : पंजाब पुलिस ने प्रतिबंधित भाकपा माओवादी के जोनल कमांडर मंदीप यादव उर्फ मटलू तथा एरिया
रूपनगर/रांची : पंजाब पुलिस ने प्रतिबंधित भाकपा माओवादी के जोनल कमांडर मंदीप यादव उर्फ मटलू तथा एरिया कमांडर सनोज यादव उर्फ भिखारी को पंजाब के रूपनगर जिले से गिरफ्तार किया है। इस संबंध में पंजाब पुलिस ने झारखंड पुलिस मुख्यालय को इसकी जानकारी दी है। दोनों को वहां से लाने के लिए मुख्यालय के स्तर से कवायद शुरू कर दी गई है। इसके तहत पलामू पुलिस पंजाब के रूपनगर के लिए रवाना हो गई है। मटलू पर पहले इनाम पांच लाख था जो अब दस लाख कर दिया गया है। सनोज तीन लाख का इनामी नक्सली है। इस संबंध में जागरण ने बुधवार को मटलू की गिरफ्तारी की सूचना प्रकाशित की थी।
दोनों गिरफ्तार नक्सली बिहार, झारखंड, स्पेशल एरिया कमेटी (बीजेएसएसी) सीपीआइ माओवाद ग्रुप से जुड़े हैं और गया जिले के रहनेवाले हैं। पंजाब पुलिस के अनुसार पहचान छुपाने के उद्देश्य से दोनों बस अड्डे के समीप एक होटल मे रह रहे थे और बसों में समान बेचने का काम करते थे।
रूपनगर जिले के एसएसपी व¨रदरपाल सिंह ने बताया है कि वर्ष 2014 में पलामू जिले के विश्रामपुर में टीपीसी (तृतीय प्रस्तुति सम्मेलन कमेटी) के 15 उग्रवादियों को मारने में दोनों शामिल थे। 2015 में बिहार के औरंगाबाद जिले के मदनपुर में 35 सरकारी वाहनों को जलाने में दोनों ने अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। इनके पास से देसी पिस्तौल, दो कारतूस तथा एक कमानीदार चाकू बरामद हुआ है।
संदीप यादव उर्फ मटलू के खिलाफ पूर्व में बिहार पुलिस की तरफ से गिरफ्तारी वारंट जारी है। एसएसपी के अनुसार बिहार व झारखंड पुलिस को इनकी गिरफ्तारी की सूचना दे दी गई है। आरोपियों से अभी पूछताछ जारी है।