Move to Jagran APP

भाजपा किसान मोर्चा के सम्मेलन में उठी कृषि आयोग के गठन की मांग

रांची : बुधवार को यहां आयोजित भाजपा किसान मोर्चा के सम्मेलन में राज्य में कृषि आयोग के गठन की मांग उ

By Edited By: Published: Thu, 03 Sep 2015 01:13 AM (IST)Updated: Thu, 03 Sep 2015 01:13 AM (IST)
भाजपा किसान मोर्चा के सम्मेलन में उठी कृषि आयोग के गठन की मांग

रांची : बुधवार को यहां आयोजित भाजपा किसान मोर्चा के सम्मेलन में राज्य में कृषि आयोग के गठन की मांग उठी। मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष ओम सिंह ने संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विजयपाल सिंह तोमर, प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र कुमार राय और कृषि मंत्री रणधीर सिंह की उपस्थिति में इस मसले को उठाया। उन्होंने कहा कि राज्य के किसानों के हित में जल्द से जल्द कृषि आयोग का गठन किया जाए।

loksabha election banner

सम्मेलन में मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष विजयपाल सिंह तोमर ने किसानो और भाजपा कार्यकर्ताओं को केंद्र द्वारा कृषि क्षेत्र के लिए संचालित की जा रही योजनाओं की जानकारी दी। वहीं, कृषि मंत्री रणधीर सिंह ने राज्य सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की चर्चा की। कृषि मंत्री ने कहा कि झारखंड में बंजर भूमि के विकास के लिए केंद्र के सहयोग से काम किया जा रहा है। उन्होंने अगले तीन सालों में 15 लाख किसानों की जमीन के मिंट्टी परीक्षण के लक्ष्य से भी लोगों को अवगत कराया। मंत्री ने बीज निगम का गठन भी जल्द किए जाने का वादा किया। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र राय ने कहा कि झारखंड खनिज आधारित नहीं बल्कि कृषि आधारित प्रदेश है। यदि राज्य के किसान उन्नत होंगे तो राज्य अपने आप उन्नत हो जाएगा। भाजपा के प्रदेश प्रभारी त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कृषि उत्पादों के वैल्यू एडीशन पर जोर दिया। सम्मेलन में किसान मोर्चा के प्रभारी ह्रदयनाथ सिंह, प्रदेश महामंत्री बालमुकुंद सहाय, किसान मोर्चा के प्रदेश प्रभारी प्रेम सिंह, अखिलेश्वर महतो, अमृतेश चौहान, संजय पोद्दार, रवि मोदी, ज्योतिश्वर सिंह, अजय दुबे, दीप नारायण सिंह सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।

कांग्रेस को बताया किसान विरोधी

रांची : भाजपा ने देश में किसानों के मौजूदा हालातों की चर्चा करते हुए इसका दोष कांग्रेस पर मढ़ा है। बुधवार को मीडिया से मुखातिब भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय पाल सिंह तोमर ने कहा कि भाजपा को किसान विरोधी बताने वाली कांग्रेस दरअसल खुद किसान विरोधी है।

आंकड़ों का हवाला देते हुए तोमर ने बताया कि 60 वर्ष देश में राज करने वाली कांग्रेस की नीतियों की वजह से ही आज भी 65 प्रतिशत भूमि पर सिंचाई की सुविधा नहीं है। कांग्रेस ने खेतों तक पानी पहुंचाने की कोई योजना बनाई ही नहीं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चालू पंचवर्षीय योजना में 50 हजार करोड़ रुपये केवल सिंचाई के लिए आवंटित किए हैं। तोमर ने प्राकृतिक आपदा में होने वाले फसल नुकसान के बाबत बढ़ाए गए मुआवजे की भी जानकारी दी। स्वायल हेल्थ कार्ड की चर्चा करते हुए बताया कि इस मद में सरकार ने 495 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। गन्ना किसानों की परेशानी को देखते हुए 6000 करोड़ रुपये बिना ब्याज का ऋण मुहैया कराया गया है। उन्होंने प्रधानमंत्री जनधन योजना, सुरक्षा बीमा योजना, जीवन ज्योति योजना आदि की भी चर्चा की। राज्य सरकार द्वारा किसानों के लिए शुरू की गई योजनाओं का भी जिक्र किया।

जल्द नियंत्रित होगी प्याज की कीमत

भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय पाल सिंह तोमर ने विश्वास जताया है कि देश में प्याज की कीमतों पर जल्द नियंत्रण लगेगा। कहा, केंद्र सरकार ने इस बाबत कदम उठाए हैं, प्याज का आयात भी किया जा रहा है। तोमर यह कहने से भी नहीं चूके कि देश में जब प्याज, टमाटर या अन्य कृषि उत्पाद महंगे होते हैं तो हाहाकार मच जाता है, क्या किसानों को उनके उत्पाद का सही मूल्य नहीं मिलना चाहिए? हालांकि महंगाई का लाभ किसान को हो रहा है या बिचौलियों को, इस सवाल को वे टाल गए।

----------


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.