हेमंत के घर पकी राजनीतिक खिचड़ी
रांची : झामुमो की मौजूदगी ने राज्य में एक रिक्त सीट के लिए हो रहे राज्यसभा चुनाव को दिलचस्प बना दिया
रांची : झामुमो की मौजूदगी ने राज्य में एक रिक्त सीट के लिए हो रहे राज्यसभा चुनाव को दिलचस्प बना दिया है। भाजपा के पास पर्याप्त संख्या बल रहने के बावजूद मुख्य विपक्षी दल झामुमो ने वाकओवर नहीं दिया। झामुमो ने विपक्षी दलों की एकजुटता का दावा करते हुए भाजपा के प्रत्याशी के खिलाफ अपना प्रत्याशी उतार दिया। झामुमो के प्रत्याशी राज्य सरकार के पूर्व मंत्री और झामुमो के दिग्गज नेता हाजी हुसैन अंसारी हैं। अपने प्रत्याशी के पक्ष में राजनीतिक हवा बनाने की मुहिम के तहत बुधवार को झामुमो विधायक दल के नेता हेमंत सोरेन ने जमकर माथापच्ची की। उन्होंने पार्टी के विधायकों की बैठक बुलाई। साथ ही साथ विपक्षी दलों को भी न्योता भेज दिया। हेमंत सोरेन के आवास पर झाविमो के दो विधायक प्रदीप यादव और प्रकाश राम पहुंचे जबकि कांग्रेस के छह में से चार विधायक बैठक में शामिल हुए। कांग्रेस विधायकों में निर्मला देवी, बादल, आलमगीर आलम और इरफान अंसारी बैठक में उपस्थित रहे। जबकि मनोज कुमार यादव और विदेश सिंह ने दूरी बनाए रखी। इसके अलावा सरकार के खिलाफ बहुमत पर मतदान के दौरान वोट देने वाले विधायक भी बैठक में नहीं दिखे।
नहीं मिलने दिया भानु शाही से : हेमंत
झामुमो विधायक दल के नेता हेमंत सोरेन का दावा है कि राज्यसभा चुनाव का परिणाम भाजपा के लिए सबक होगा। सभी विपक्षी दलों के विधायकों के अलावा सत्तापक्ष के विधायकों से भी बातचीत हुई है। विधायक भानु प्रताप शाही से मिलने वे बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा जाना चाहते थे लेकिन प्रशासन ने स्पष्ट मना कर दिया। ऐसा प्रतीत होता है कि प्रशासन ने किसी के इशारे पर हमें जाने से रोका। हालांकि भाजपा को लग रहा था कि राज्यसभा चुनाव आसान है लेकिन अब उन्हें हकीकत का अहसास हो रहा है। तभी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अनापशनाप बोल रहे हैं। उन्होंने तमाम विपक्षी दलों के विधायकों की एकजुटता का दावा किया।
यह झारखंड बनाम दिल्ली की लड़ाई है। हम पूरी मजबूती के साथ लगेंगे। भाजपा के कई मित्र विधायक भी अंतरात्मा की आवाज पर विपक्ष के प्रत्याशी को वोट देंगे।
प्रदीप यादव
नेता, झाविमो विधायक दल
वादा करते हैं कि कांग्रेस न तो चुनाव का बहिष्कार करेगी न ही भाजपा को किसी हालत में वोट देगी। आलाकमान को इस बारे में सूचित किया गया है। विधायक एकजुट हैं।
आलमगीर आलम
नेता, कांग्रेस विधायक दल