Move to Jagran APP

मोदी से ही सबक लेकर मोदी पर हमला कर रही कांग्रेस

रांची : लोकसभा चुनाव में भाजपा के हाथों करारी शिकस्त खाने वाली कांग्रेस को यह आभास हो रहा है कि वह प

By Edited By: Published: Sat, 23 May 2015 02:24 AM (IST)Updated: Sat, 23 May 2015 02:24 AM (IST)
मोदी से ही सबक लेकर मोदी पर हमला कर रही कांग्रेस

रांची : लोकसभा चुनाव में भाजपा के हाथों करारी शिकस्त खाने वाली कांग्रेस को यह आभास हो रहा है कि वह प्रचार वार में पिट गई, जबकि भाजपा के नरेंद्र मोदी और उनकी टीम ने योजनाबद्ध तरीके से चुनाव अभियान चलाया। फलत: मोदी पूर्ण बहुमत के साथ प्रधानमंत्री बन गए। आलाकमान के आदेश पर शुक्रवार को कांग्रेस के प्रदेश मुख्यालय में राष्ट्रीय महासचिव डा. शकील अहमद मीडिया से रूबरू हुए। लगभग 45 मिनट तक लगातार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधने के बाद उन्होंने कहा कि सत्ता में रहते हुए हम अपने काम के साथ-साथ सरकार पर लगे आरोपों का जवाब लोगों तक पहुंचाने में नाकाम रहे। इसलिए पार्टी ने सबक लेते हुए यह तय किया है कि मोदी सरकार के एक साल पूरा होने के मौके का इस्तेमाल ठीक उसी तरीके से किया जाए, जैसा लोकसभा चुनाव के पूर्व नरेंद्र मोदी ने किया था। कांग्रेस महासचिव ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विदेशों में भारत की किरकिरी करा रहे हैं। इससे पूर्व किसी प्रधानमंत्री ने ऐसा नहीं किया। कृषि क्षेत्र पर संकट का दावा करते हुए उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के मंत्री अनापशनाप बयान दे रहे हैं। केंद्र सरकार ने कई महत्वपूर्ण योजनाओं के बजट में कटौती कर दी है। कृषि उपज लगातार गिर रहा है। इस क्षेत्र में बदहाली केंद्र सरकार के कुशासन का परिणाम है। उन्होंने आरोप लगाया कि मनरेगा को योजनाबद्ध तरीके से समाप्त करने का प्रयास किया जा रहा है। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी इसकी निंदा कर रहे हैं। केंद्र सरकार ने मनरेगा के काम के लिए 6000 करोड़ का भुगतान रोक दिया है। कभी सीएजी रिपोर्ट पर हल्ला मचाने वाले प्रधानमंत्री अब ताजा सीएजी रिपोर्ट को नकारते दिखते हैं। एक खास उद्योगपति प्रधानमंत्री के हर दौरे में दिख जाते हैं लेकिन विदेश मंत्री सुषमा स्वराज नजर नहीं आतीं।

loksabha election banner

सुखदेव भगत रहे नदारद

कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव डा. शकील अहमद की प्रेस कांफ्रेंस के दौरान प्रदेश अध्यक्ष सुखदेव भगत की अनुपस्थिति चर्चा का विषय बनी रही। कुछ कांग्रेसजनों ने इसे पार्टी आलाकमान के राष्ट्रीय अभियान की अनदेखी बताया। हालांकि इस दौरान कांग्रेस विधायक दल के नेता आलमगीर आलम, कांग्रेस के प्रदेश महासचिव रविंद्र सिंह, शमशेर आलम, सचिव अजय राय, लाल किशोरनाथ शाहदेव, युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता कुमार राजा समेत अन्य नेता सक्रिय रहे।

आज बोलेंगे संजय निरूपम

प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित रोजाना प्रेस ब्रीफ्रिंग की कड़ी में शनिवार को मुंबई क्षेत्रीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष संजय निरूपम केंद्र सरकार पर हमला बोलेंगे। प्रदेश कांग्रेस सचिव राजेश गुप्ता छोटू ने यह जानकारी दी।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.