Move to Jagran APP

कांग्रेस का दावा, भाजपा की ईट से ईट बजा देंगे

रांची : विगत लोकसभा और विधानसभा चुनाव में औंधे मुंह गिरी कांग्रेस ने गुरुवार को भाजपा को ललकारा। राज

By Edited By: Published: Fri, 22 May 2015 01:41 AM (IST)Updated: Fri, 22 May 2015 01:41 AM (IST)
कांग्रेस का दावा, भाजपा की ईट से ईट बजा देंगे

रांची : विगत लोकसभा और विधानसभा चुनाव में औंधे मुंह गिरी कांग्रेस ने गुरुवार को भाजपा को ललकारा। राज्यव्यापी गांव-गांव, पांव-पांव अभियान का श्रीगणेश करते हुए पार्टी अध्यक्ष सुखदेव भगत ने दावा किया कि भाजपा की ईंट से ईंट बजा देंगे। पार्टी कार्यकर्ता संघर्ष का रास्ता अख्तियार करेंगे। इससे पूर्व पार्टी कार्यकर्ताओं ने शहीद चौक से मोरहाबादी मैदान स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा तक पदयात्रा निकाली, जिसका नेतृत्व पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय, राज्य के पूर्व वित्त मंत्री राजेंद्र प्रसाद सिंह, पार्टी विधायक दल के नेता आलमगीर आलम, पूर्व मंत्री केएन त्रिपाठी समेत अन्य नेताओं ने किया।

loksabha election banner

मोरहाबादी में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए सुखदेव भगत ने कहा कि पदयात्रा के माध्यम से कांग्रेस ने जंग का एलान किया है। देश ने मोदी सरकार को नकार दिया है। केंद्र सरकार ने उद्योगपतियों के हाथ में सत्ता गिरवी रख दी है। पार्टी भूमि अधिग्रहण अध्यादेश के खिलाफ आंदोलन तेज करेगी। कांग्रेस विधायक दल के नेता आलमगीर आलम ने झारखंड सरकार को भी निशाने पर लेते हुए कहा कि यह केंद्र सरकार के नक्शे कदम पर चल रही है। मुख्यमंत्री रघुवर दास सिर्फ घोषणाएं कर रहे हैं।

पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय ने इस बात पर जोर दिया कि कांग्रेसजन लड़ाई के लिए कमर कसें। संघर्ष जमीन पर होगा। केंद्र सरकार और राज्य सरकार की गलत नीतियां लोगों की कमर तोड़ रही है। महंगाई तेजी से बढ़ रही है। लोकसभा चुनाव में मोदी ने सपना दिखाकर वोट लिया। अब उसकी हवा निकल चुकी है। लोग केंद्र सरकार की असलियत एक साल में जान चुके हैं।

सभा को पार्टी के राष्ट्रीय सचिव ताराचंद भगोरा, कांग्रेस विधायक दल के पूर्व नेता राजेंद्र प्रसाद सिंह, प्रवक्ता डा. अजय कुमार, पूर्व सांसद फुरकान अंसारी, विधायक निर्मला देवी, युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अनूप सिंह, पूर्व मंत्री केएन त्रिपाठी, गीताश्री उरांव, प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष आभा सिन्हा, कुमार राजा समेत अन्य नेताओं ने संबोधित किया।

कई नेताओं ने बनाई दूरी

पदयात्रा कार्यक्रम के दौरान पार्टी की गुटबाजी भी दिखी। राज्यसभा सदस्य प्रदीप कुमार बलमुचू और धीरज प्रसाद साहू समेत विधायकों ने भी इससे दूरी बनाई। पार्टी विधायक दल के नेता समेत सिर्फ एक विधायक कार्यक्रम में शरीक हुए।

मंच पर जगह नहीं मिलने से नाराजगी

मोरहाबादी में एक छोटे ट्रक को मंच का स्वरूप दिया गया था। लिहाजा कई नेताओं को जगह नहीं मिल पाई। इससे इन नेताओं में नाराजगी दिखी। कार्यक्रम के दौरान आपाधापी मची थी। अव्यवस्था के आलम के बीच पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ संघर्ष की शपथ ली।

आज आएंगे शकील अहमद

कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव डा. शकील अहमद शुक्रवार को यहां आएंगे। वे प्रदेश मुख्यालय में केंद्र सरकार के भूमि अधिग्रहण बिल के खिलाफ संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करेंगे। प्रदेश महामंत्री सह मीडिया विभाग के संयोजक शमशेर आलम ने यह जानकारी दी।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.