टीएसी का पुनर्गठन, सीएम अध्यक्ष, कल्याण मंत्री उपाध्यक्ष
रांची : आदिवासियों की 'मिनी एसेंबली' के नाम से प्रचलित जनजातीय परामर्शदातृ परिषद (टीएसी) का पुनर्गठन
रांची : आदिवासियों की 'मिनी एसेंबली' के नाम से प्रचलित जनजातीय परामर्शदातृ परिषद (टीएसी) का पुनर्गठन मंगलवार को हो गया। मुख्यमंत्री इसके पदेन अध्यक्ष, कल्याण मंत्री उपाध्यक्ष तथा कल्याण सचिव सदस्य सचिव बनाए गए हैं। राज्य में लोकप्रिय सरकार गठन के चार महीने बाद पुनर्गठित परिषद में 15 विधायक के अलावा रिटायर्ड आइएएस अफसर जेबी तुबिद और सामाजिक कार्यकर्ता रतन तिर्की को स्थान दिया गया है। कल्याण विभाग ने इस आशय की अधिसूचना जारी कर दी है।
राज्यपाल और मुख्यमंत्री के अनुमोदन के बाद पुनर्गठित परिषद में नीलकंठ सिंह मुंडा के अलावा ताला मरांडी, लक्ष्मण टुडू, राम कुमार पाहन, हरेकृष्ण सिंह, विकास मुंडा, जोबा मांझी, गीता कोड़ा, शिव शंकर उरांव, गंगोत्री कुजूर, मेनका सरदार, विमला प्रधान, कमल किशोर भगत, दीपक बिरूवा, एनोस एक्का (सभी विधायक) शामिल किए गए हैं। कल्याण विभाग टीएसी की बैठक से संबंधित प्रस्ताव एक-दो दिनों के अंदर मुख्यमंत्री को भेजेगा।
जानकारी के मुताबिक परिषद के सदस्यों के लिए अलग से कोई मानदेय नहीं मिलेगा। परिषद के वैसे सदस्य, जो विधानसभा के सदस्य हैं, उन्हें देय यात्रा व्यय और दैनिक भत्ते मिलेंगे। इसी तरह वैसे सदस्य, जो विधानमंडल के सदस्य नहीं हैं, उन्हें प्रथम श्रेणी के अधिकारियों को देय दर से यात्रा व विश्राम भत्ता मिलेगा।