प्रेरणा पुरुष हैं भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी : मुख्यमंत्री
रांची : पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान 'भारत रत्न' से नवाजे
रांची : पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान 'भारत रत्न' से नवाजे जाने पर मुख्यमंत्री रघुवर दास ने हर्ष व्यक्त किया है। सीएम ने कहा है कि पूर्व प्रधानमंत्री वाजपेयी कर्मयोगी होने के साथ-साथ प्रेरणा पुरुष हैं, जिन्होंने पूरा जीवन देश सेवा में लगा दिया। वे लोक जीवन की शुचिता के उदाहरण हैं, जिनके बताये मार्गो का अनुसरण आवश्यक है। एक साधारण परिवार में जन्म लेकर राजनीति के शिखर तक पहुंचने वाले वाजपेयी के शासन काल में देश ने कई सफलताएं अर्जित की। अटल सरकार ने पोखरण में पांच भूमिगत परीक्षण कर जहां भारत को परमाणु शक्ति संपन्न देश घोषित किया, वहीं आर्थिक विकास की ऊंचाइयों को भी छुआ। सदा-ए-सरहद नाम से दिल्ली से लाहौर तक बस सेवा शुरू की गई। पाकिस्तान की यात्रा कर पूर्व प्रधानमंत्री ने नवाज शरीफ से मुलाकात कर आपसी संबंधों को एक नया आयाम दिया। दिल्ली, कोलकाता, चेन्नई एवं मुंबई को राजमार्ग से जोड़ने के लिए स्वर्णिम चतुर्भुज परियोजना की शुरुआत की। सौ साल से भी अधिक पुराने कावेरी जल विवाद को सुलझाने के अलावा ऐसे कई महत्वपूर्ण कार्य किये, जो सामाजिक-राजनीतिक कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणादायक है।