नौ बजे से मिलने लगेगा रुझान
रांची : जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त विनय कुमार चौबे ने शुक्रवार को मतगणना स्थल का जायजा लिया
रांची : जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त विनय कुमार चौबे ने शुक्रवार को मतगणना स्थल का जायजा लिया। उन्होंने सभी काउंटिंग हॉल में जाकर मौजूदा व्यवस्था को देखा। उन्होंने काउंटिंग हॉल में टेबल की व्यवस्था कराने का निर्देश दिया। खिजरी विस क्षेत्र के लिए 22 टेबल, रांची 23 टेबल, कांके 24 टेबल, हटिया 26 टेबल, सिल्ली 16 टेबल, तमाड़ 18 टेबल और मांडर के लिए 20 टेबल लगाए जाएंगे।
इसके बाद उपायुक्त ने सुरक्षा व्यवस्था का भी जायजा लिया। मीडिया कर्मियों को बैठने के लिए टेंट लगाने का निर्देश दिया। साथ ही टेंट में टीवी लगाने का भी आदेश दिया गया। मीडिया व अन्य लोगों के लिए अलग से पार्किंग व्यवस्था करने का निर्देश दिया। साथ ही शौच की व्यवस्था करने के लिए कहा। उपायुक्त ने मीडिया कर्मियों को बताया कि नौ बजे से पहला रुझान आने लगेगा। साथ में मौजूद एसएसपी ने बताया कि लोकसभा के तुलना में विधानसभा चुनाव की मतगणना में प्रत्याशियों की संख्या और भीड़ अधिक रहेगी। इसे देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था और बढ़ाई गई है। एक नियमित अंतराल तक बड़े वाहनों का प्रवेश पंडरा तक रुका रहेगा। यातायात व्यवस्था सुदृढ़ रहे इसके लिए अलग से ट्रैफिक पुलिस की विशेष व्यवस्था कराई गई है। इस मौके पर एडीएम (विधि-व्यवस्था) इकबाल आलम अंसारी, एनडीसी ज्ञानेंद्र कुमार, एसडीओ अमित कुमार, जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रवीण प्रकाश, डीपीआरओ सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।