Move to Jagran APP

राजधानी में ऑनर किलिंग

रांची : राजधानी में शनिवार को सरेआम ऑनर किलिंग के मामले ने लोगों को हतप्रभ कर दिया। प्रेम विवाह से न

By Edited By: Published: Sun, 14 Dec 2014 01:00 AM (IST)Updated: Sun, 14 Dec 2014 01:00 AM (IST)
राजधानी में ऑनर किलिंग

रांची : राजधानी में शनिवार को सरेआम ऑनर किलिंग के मामले ने लोगों को हतप्रभ कर दिया। प्रेम विवाह से नाराज परिजनों ने सुबह महेंद्र करमाली की गोली मारकर हत्या कर दी। महेंद्र ने अपने गांव में पड़ोस में रहनेवाली वसुंधरा कुमारी से प्रेम विवाह किया था। वसुंधरा के चाचा और भाई पर हत्या का आरोप लगा है। वे फरार हैं।

loksabha election banner

घटना सुबह करीब नौ बजे की है। राजधानी के भीड़-भाड़ वाले इलाके सर्जना चौक के समीप लालजी हिरजी रोड में कृष्णा हार्डवेयर के सामने सरेआम गोली मारी गई। दुकान उस समय बंद थी।

महेंद्र सिकिदरी के सांडी गांव का निवासी था। गांव की ही वसुंधरा से प्रेम कर बैठा। छह माह पहले कोर्ट में विवाह कर लिया। वह पत्नी के साथ बरियातू के भरमटोली स्थित शंकर नगर में किराए के मकान में पत्नी के साथ रह रहा था। उसकी हत्या का आरोप पत्नी के चाचा रामा महतो व भाई मुकेश महतो पर लगा है। पुलिस दोनों की तलाश कर रही है।

मृतक के गांव के ही रहनेवाले घटना के चश्मदीद कुलेश्वर करमाली, पवन मुंडा, मनीष व कुशल ने बताया कि महेंद्र दीवार पर पेंटिंग करता था। वे चारों लोग शनिवार को सिकिदिरी से रांची आए थे। उन्हें पेंट लेना था, इसलिए वे महेंद्र को लेकर लालजी हिरजी रोड में कृष्णा हार्डवेयर दुकान गए थे। सुबह करीब सवा नौ बजे दुकान बंद होने के कारण सभी बाहर ही दुकान खुलने का इंतजार कर रहे थे। इसी बीच एक बाइक पर वसुंधरा (महेंद्र की पत्नी) का भाई मुकेश महतो व चाचा रामा महतो वहां पहुंचे। मुकेश बाइक चला रहा था और चाचा पीछे बैठा था। चश्मदीदों के अनुसार रामा महतो ने अपनी कमर से पिस्टल निकालकर महेंद्र पर गोली चलाई। वह उसके सीने में लगी। उस वक्त मुकेश के पास भी हथियार था। गोली मारने के बाद दोनों बड़ा तालाब की ओर भाग निकले। गंभीर रूप से जख्मी महेंद्र करमाली को चश्मदीदों ने ही सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां से चिकित्सकों ने उसे रिम्स भेज दिया। रिम्स में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इनलोगों ने बताया कि महेंद्र ने जब कोर्ट मैरिज किया था, उस वक्त भी लड़की के घरवालों ने उस पर जानलेवा हमला किया था। कोतवाली पुलिस ने मृतक के परिजनों का बयान लिया है। चश्मदीदों से भी पूछताछ की जा रही है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।

----------------------

गर्भवती है पत्नी, नहीं बताई गई है मौत की खबर :

मृतक के भतीजे संजय मुंडा ने बताया कि वसुंधरा को महेंद्र की मौत की खबर नहीं बताई गई है। वह गर्भवती है। परिजनों ने कहा कि पोस्टमार्टम के बाद शव को सिकिदिरी के सांडी गांव ले जाया जाएगा। वहां जाने के बाद घटना की जानकारी उसकी पत्नी को दी जाएगी। महेंद्र के घर में उसके पिता धनेश्वर करमाली, मां सुमित्रा देवी के अलावा दो भाई धर्मेद्र करमाली व मनीष करमाली हैं। महेंद्र घर में बड़ा था। रिम्स के पोस्टमार्टम विभाग में महेंद्र करमाली के अन्य रिश्तेदार, चश्मदीदों के साथ कृष्णा हार्डवेयर के मालिक मनोज भी पहुंचे थे। मनोज ने बताया कि महेंद्र उनका नियमित ग्राहक था और स्वभाव से भी बहुत सरल था।

--------------


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.