बकरी बाजार में निगम की जमीन पर कब्जा
रांची : राजधानी के बकरी बाजार स्थित निगम की 5100 वर्गफुट जमीन पर अवैध कब्जा किया गया है। निगम प्रशासन ने शनिवार से इसकी पड़ताल शुरू कर दी है। इसके और बढ़ने की संभावना है।
मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी मनोज कुमार ने शनिवार को बाजार शाखा की समीक्षा के दौरान बकरी बाजार की दुकानों की बंदोबस्ती संबंधी फाइल देखी तो अवैध कब्जा का मामला प्रकाश में आया। सीईओ ने अमीन भगत को निर्देश दिया कि स्थल पर जाकर अवैध कब्जे की मापी करें और बंदोबस्ती की जांच करें।
आंशिक जांच में पाया गया कि निगम की जमीन पर अवैध रूप से दुकानें बना ली गई हैं। इससे निगम को राजस्व का नुकसान हो रहा है। जांच में यह भी मामला सामने आया कि निगम ने 1984 में मोहन लाल को जमीन आवंटित की थी। निर्धारित राशि नहीं दे पाने के कारण निगम ने उस जमीन को पुन: तीन लोगों को आवंटित कर दिया। तीनों ने अन्य में किराया लगा दिया। अब मामला यह है कि जमीन निगम की, किराया उठा रहा कोई और।
एक ओर जहां राजस्व बढ़ाने के लिए किराया बढ़ाने की बात की जा रही है, वहीं दूसरी ओर फरवरी-2014 में निगम बोर्ड की बैठक में एक प्रस्ताव पारित हुआ कि दुकानों का एक साल पर बढ़ने वाला किराया तीन साल में बढ़ाया जाएगा। प्रोसिडिंग के अनुसार अब तीन साल पर किराया बढ़ना है, लेकिन प्रशासन ने प्रोसिडिंग पर अंतिम निर्णय नहंी लिया है।