देर शाम तक बूथों पर भेजे गए मतदान कर्मी
रांची : रांची लोकसभा चुनाव को लेकर मोरहाबादी मैदान में दिन भर गहमागहमी रही। कर्मियों को मतदान स्थल तक भेजने की प्रक्रिया देर शाम तक चलती रही। बुधवार को सुबह आठ बजते ही चुनाव कर्मी मैदान में पहुंचना शुरू कर दिए। मोरहाबादी मैदान से 10 हजार कर्मियों को ईवीएम के साथ उन्हें संबंधित मतदान केंद्रों पर भेजा गया। कर्मियों को सिल्ली, हटिया, रांची सदर, कांके सहित अन्य विधानसभा क्षेत्रों में भेजने और वाहन उपलब्ध कराने की जिम्मेवारी वाहन कोषांग को दी गई थी, जहां बारी-बारी कर्मियों को संबंधित मतदान केंद्रों पर भेजने के लिए वाहन उपलब्ध कराए गए। मोरहाबादी में विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के लिए काउंटर बनाए गए थे। 1981 बूथों के लिए दस हजार कर्मियों को रवाना किया गया। वहीं, 6478 की संख्या में पुलिस बल व पदाधिकारी को विभिन्न बूथों पर भेजा गया। छह विधानसभा क्षेत्र के लिए मोरहाबादी स्टेडियम से 4379 इवीएम को कर्मियों के साथ डिस्पैच किया गया।
-----------
700 वाहन उपलब्ध कराए गए :
वाहन कोषांग की ओर से रांची लोकसभा सीट के लिए 700 छोटी-बड़ी वाहन उपलब्ध कराए गए। इसमें 300 बड़े और 400 छोटे वाहन थे। वाहनों को भेजने और ईधन भराने के लिए एक दिन पूर्व ही व्यवस्था कर ली गई थी। देर रात तक प्रभारी अपनी मौजूदगी दर्ज कराए हुए थे। जबकि कोषांग में वरीय प्रभारी डीटीओ राजेश कुमार, कार्यपालक दंडाधिकारी प्रवीण प्रकाश सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।
---------