पुलिस-माओवादी के बीच एक घंटे तक चली मुठभेड़
मेदिनीनगर : जिले के नौडीहा बाजार व मनातू थाना क्षेत्र की सीमा पर बिजयगिरी पहाड़ की तलहटी के पास श
मेदिनीनगर : जिले के नौडीहा बाजार व मनातू थाना क्षेत्र की सीमा पर बिजयगिरी पहाड़ की तलहटी के पास शुक्रवार की सुबह माओवादी कुंदन यादव के दस्ते के साथ पुलिस की जबर्दस्त मुठभेड़ हुई। हालांकि इस मुठभेड़ में किसी नुकसान की सूचना नहीं है। दरअसल, माओवादियों के खिलाफ चलाए जा रहे सघन सर्च ऑपरेशन के दौरान यह घटना हुई।
बताया जाता है कि पुलिस को भारी पड़ता देख माओवादी जंगल का लाभ उठाकर पहाड़ की तरफ भाग निकले। इसकी पुष्टि पलामू एसपी इंद्रजीत महथा ने की है। जानकारी के अनुसार शुक्रवार की सुबह लगभग 8.30 बजे बिजयगिरी पहाड़ की तलहटी पर अर्जुन यादव कीबथान के पास झारखंड जगुआर व जिला पुलिस बल की संयुक्त टीम के साथ माओवादियों की मुठभेड़ हुई। दोनों तरफ से लगभग एक घंटे तक गोलियां चलती रहीं। बाद में पुलिस को भारी पड़ता देख माओवादी पहाड़ की ओर भाग निकले। पुलिस की टीम का नेतृत्व एएसपी अभियान कर रहे थे। इस संबंध में एसपी महथा ने बताया कि सीआरपीएफ की टीम के साथ संभावित इलाकों में गहन सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। इस अभियान में बिहार पुलिस की भी मदद ली जा रही है।