भंडारे के साथ महायज्ञ संपन्न
चैनपुर: चैनपुर प्रखंड के खजूरिया गांव में आयोजित श्री रामचरित्र मानस नवाह्न पारायण पाठ महायज्ञ सोमवा
चैनपुर: चैनपुर प्रखंड के खजूरिया गांव में आयोजित श्री रामचरित्र मानस नवाह्न पारायण पाठ महायज्ञ सोमवार को हवन पूजन व भंडारा के साथ संपन्न हो गया । प्रातकाल वेद मंत्रों के बीच भगवान श्री राम दरबार की पूजा अर्चना कर आरती उतारी गई। यज्ञाचार्य पंडित जय पांडेय ने पूजन कार्य संपन्न कराया। इसके बाद वेद मंत्रों के बीच हवन किया गया। इसके साथ ही 9 दिनों से संचालित मानस पाठ महायज्ञ का समापन हुआ। तीसरे पहर विशाल भंडारा का आयोजन किया गया। इसमें खजूरिया समेत आसपास के सैकड़ों ग्रामीणों ने प्रसाद ग्रहण किया। 9 दिनों तक चले मानस महायज्ञ से क्षेत्र भक्तिमय रहा। बाहर से आए विद्वानों की रसमई रामकथा का पान क्षेत्रवासियों ने किया। कार्यक्रम संचालन में आयोजन समिति के अध्यक्ष सिकंदर चौधरी, लाल जी चौधरी, छविनाथ चौधरी, उदय चौधरी, नारायण चौधरी, योगेंद्र चौधरी, अमलेश चौधरी, जवाहर, नकुल, अशोक, संजू, बाबूलाल, सुकूल, फुलवारी दास आदि ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।