मिला पेयजलापूर्ति फेज-2 का पहला किस्त
मुर्तजा आमिर, मेदिनीनगर : पेयजल समस्या झेल रहे शहरवासियों को अब राहत मिलेगा। वर्षो से लटकी शहरी पेय
मुर्तजा आमिर, मेदिनीनगर : पेयजल समस्या झेल रहे शहरवासियों को अब राहत मिलेगा। वर्षो से लटकी शहरी पेयजलापूर्ति योजना फेज-2 निर्माण के लिए राज्य सरकार ने नगर परिषद को राशि आवंटित कर दी है। जानकारी के अनुसार प्रथम किस्त के तौर पर 12 करोड़ 29 लाख रुपये निर्गत किए गए हैं। योजना के लिए 61.46 करोड़ की स्वीकृति प्रदान की गई है। इसके तहत शहर के छह विभिन्न स्थानों पर पानी टंकी का निर्माण कराया जाएगा। इस योजना के तहत 7.5 करोड़ की लागत से पंपूकल के पास एक जैकवेल बनाने का भी प्रस्ताव है। हर क्षेत्र में पाइपलाइन बिछाकर लोगों को पेयजल मुहैया कराने की तैयारी है। पेयजल एवं स्वच्छता विभाग को इसका नोडल एजेंसी बनाया गया है।
बाक्स : योजना में आते-आते लग गए पांच वर्ष
मेदिनीनगर : शहरी पेयजलापूर्ति योजना को वर्ष 2005 में धरातल पर उतारा गया था। लेकिन आधे-अधूरे पेयजलापूर्ति योजना का हाल यह है कि शहर के अधिकांश क्षेत्रों में पाइपलाइन तक नहीं बिछ सका। पेयजल संकट की गंभीरता को देखते हुए नगर परिषद ने अपने स्तर से सर्वे कराकर 2010 में फेज-2 की तैयारी शुरू की। इस योजना का मकसद पूरी आबादी को पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराना था। चार वर्षो तक इस योजना का फाइल सिर्फ कार्यालयों का चक्कर लगाता रहा। नगर परिषद के प्रयास के बाद पांचवें वर्ष में राज्य सरकार ने इस मामले पर संजीदगी दिखाई। अब उम्मीद है कि जल्द ही योजना धरातल पर दिखेगा।
बाक्स : फिर शहरवासियों के साथ न हो हकतल्फी
मेदिनीनगर : शहरी पेयजलापूर्ति योजना फेज प्रथम में शहरवासियों के साथ नाइंसाफी की गई थी। ग्रामीण क्षेत्र के कई हिस्सों में इस योजना से पाइपलाइन बिछा दिया गया था। अब पेयजलापूर्ति योजना फेज-2 में भी कुछ ऐसा न हो। यह चिंता शहरवासियों को सता रहा है। अगर यह योजना पूरी तरह धरातल पर उतर जाए तो शहर के हरेक घर को पानी मिलेगा। शहर में व्याप्त पेयजल संकट दूर हो जाएगा।
बाक्स : शहर में छाया है पेयजल संकट
मेदिनीनगर : नगर परिषद क्षेत्र की आधी आबादी फिलहाल पेयजल संकट झेल रही है। गर्मी आते ही अखबार के सुर्खियों में यहां का पेयजल संकट उभर आता है। विभिन्न राजनीतिक दलों के सहारे लोग पेयजल संकट दूर करने की मांग को लेकर सड़क पर उतर आते हैं। पिछले तीन दिनों से शहर के आबादगंज, नामधारी कालोनी, हमीदगंज आदि इलाकों के कई लोग पानी खरीदने को मजबूर हैं। वहीं पहाड़ी मुहल्ला, मुस्लिम नगर, हुसैन नगर, कुंड मुहल्ला आदि इलाकों के क्षेत्र नदी व चापाकलों से पानी ढोने को विवश हैं।
बाक्स : शहरी पेयजलापूर्ति योजना फेज टू के पहले किस्त के रूप में 12 करोड़ 29 लाख रूपया प्राप्त हुआ है। जल्द ही टेंडर निकाला जाएगा।
अरूण कुमार भारती, कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद, मेदिनीनगर।