नौ माह पूर्व लापता युवक का जंगल में मिला कंकाल
चैनपुर, पलामू : मेदिनीनगर शहर से 18 अप्रैल 2014 को गायब 17 वर्षीय सोनू प्रजापति का नरकंकाल शनिवार क
चैनपुर, पलामू : मेदिनीनगर शहर से 18 अप्रैल 2014 को गायब 17 वर्षीय सोनू प्रजापति का नरकंकाल शनिवार को चैनपुर थाना के अन्हारीढोढ़ा जंगल में मिला। घटना की जानकारी देते हुए पुलिस इंस्पेक्टर टी सोरेन व थाना प्रभारी संजय कुमार मालवीय ने बताया कि रामगढ़ थाना क्षेत्र के हुटार गांव निवासी संतोष प्रजापति का पुत्र सोनू प्रजापति 18 अप्रैल 2014 को मेदिनीनगर से लापता हो गया था। काफी खोजबीन करने पर कोई सुराग नहीं मिला तो संतोष प्रजापति ने 20 अप्रैल को शहर थाना में सनहा दर्ज कराया था। बाद में पता नहीं लगने पर परिजन निराश हो गए थे। परिजनों के अनुसार सोनू प्रजापति ने 2014 में ही मैट्रिक की परीक्षा पास की थी।
इधर शनिवार को सोनू की मौसी को लकड़ी चुनने के दौरान अंधेरी ढोढ़ा जंगल में एक नरकंकाल देखा। पास में कुछ कपड़े व एक पर्स भी पड़ा था। नजदीक जाकर देखा तो कपड़े जाने-पहचाने लगे। वहीं पर्स में अंदर भी सोनू का फोटो लगा था। कपड़े व पर्स के आधार पर उसने सोनू के रूप में कंकाल की पहचान की। सूचना पाकर मौके पर पहुंची चैनपुर पुलिस ने अंधेरीढोढ़ा से सामान व नरकंकाल को अपने कब्जे में लिया। सोनू प्रजापति के नाना हुटार निवासी रामनाथ प्रजापति ने भी कपड़ों से कंकाल की पहचान की पुष्टि की। रामनाथ के बयान पर हुटार गांव के ही भोला यादव उर्फ मुकेश यादव के खिलाफ हत्या की नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। फिलहाल आरोपी भोला रामनाथ प्रजापति की बहू से दुष्कर्म के मामले में जेल में बंद है। चैनपुर थाना प्रभारी संजय कुमार मालवीय ने बताया कि न्यायिक आदेश के बाद नरकंकाल को रांची भेजा जाएगा।