लातेहार को मॉडल कॉलेज व महिला कॉलेज का तोहफा
मेदिनीनगर : पलामू प्रमंडल के लातेहार जिले को माडल कालेज के साथ-साथ महिला कॉलेज का भी तोहफा मिल रहा ह
मेदिनीनगर : पलामू प्रमंडल के लातेहार जिले को माडल कालेज के साथ-साथ महिला कॉलेज का भी तोहफा मिल रहा है। महिला कालेज के लिए 10 एकड़ भूमि की तलाश जारी है। हालांकि माडल कॉलेज के लिए लातेहार जिला अंतर्गत जालीम (जगतारणपुर) गांव में 21.63 एकड़ भूमि उपलब्ध हो गई है। इसकी मापी कराने के बाद सीमांकन करा लिया गया है। सीमांकन के लिए नीलांबर पीतांबर विश्वविद्यालय की टीम ने चार दिन कड़ी मेहनत की है। लातेहार जिला प्रशासन ने उक्त भूमि की दखल-दहानी की कागजात भी एनपी विवि प्रशासन को उपलब्ध करा दिया है।
जानकारी के अनुसार लातेहार के जालीम गांव में बनने वाले माडल कालेज के पीछे 41 करोड़ रूपए खर्च करने की योजना है। करीब आठ करोड़ की लागत से कॉलेज भवन का निर्माण होगा। शेष 32 करोड़ रुपये इंफ्रास्ट्रक्चर, शिक्षक-शिक्षकेतर कर्मचारियों के वेतन व अन्य मूलभूत सुविधाओं के पीछे खर्च होंगे। अविलंब ही एचआरडी रांची से कॉलेज भवन निर्माण के लिए ई-टेंडर कराने की तैयारी चल रही है। एनपी विवि प्रबंधन का प्रयास है कि वर्ष 2016 से कॉलेज का शैक्षणिक कार्य प्रारंभ हो जाए। विज्ञान, कला व वाणिज्य संकाय के करीब आठ हजार विद्यार्थी इस कालेज में एक साथ शिक्षा ग्रहण कर सकेंगे।
.......
महिला कॉलेज को चाहिए 10 एकड़ भूमि
मेदिनीनगर : लातेहार जिले में बनने वाले महिला कॉलेज के लिए 10 एकड़ भूमि की तलाश है। भूमि प्राप्त होते ही इसके निर्माण का कार्य प्रारंभ करने की तैयारी है। महिला कालेज के पीछे 12 करोड़ रूपए खर्च करने कीयोजना है। नीलाबर पीताबर विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. अमर सिंह ने बताया कि लातेहार के उपायुक्त ने 10 भूमि उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है। इधर, 17 जनवरी 2009 को स्थापित नीलाबर पीताबर विश्वविद्यालय को पहली जमीन मिली है। हालाकि विवि भवन के लिए आज भी जमीन मयस्सर नहीं हो सका है।
.........
विवि ने लातेहार प्रशासन के प्रति जताया आभार
मेदिनीनगर : नीलाबर पीताबर विश्वविद्यालय प्रबंधन ने लातेहार के उपायुक्त मुकेश कुमार व विधायक हरेकृष्णा राम समेत जिलावासियों के प्रति आभार प्रकट किया है। विवि की टीम में रजिस्ट्रार डा अमर सिंह, सीसीडीसी डा आरआर किशोर, डीएसडब्लू डा विजय सिंह, डा महेंद्र राम, डॉ. एसके पाडेय, वेद प्रकाश शुक्ला, संजय साव, अविनाश कुमार, राजेश कुमार, रवि कुमार आदि का नाम शामिल है। कुलसचिव डा श्री सिंह ने बताया कि भूमि मापी से सीमाकन तक सभी का अपेक्षित सहयोग मिला। इसके लिए टीम के लोग चार दिन काफी मेहनत किए हैं।
----------------
लातेहार में मॉडल कॉलेज के लिए 41 करोड़ खर्च करना है। पांच करोड़ विवि को उपलब्ध हो गया है। महिला कालेज पर 12 करोड़ खर्च होंगे। इससे लातेहार में शैक्षणिक वातावरण बनेगा। 2016 में माडल कालेज शुरू करने का प्रयास है। भूमि सीमांकन में लातेहार प्रशासन व जनप्रतिनिधियों का अपेक्षित सहयोग मिला है।
डॉ. अमर सिंह, कुलसचिव, नीलांबर-पीतांबर विश्वविद्यालय।