मेदिनीनगर को बनाएं स्मार्ट सिटी
संस, मेदिनीनगर : पलामू चेंबर आफ कामर्स की बैठक रविवार को हुई इसमें प्रमंडलीय मुख्यालय मेदिनीनगर को स्मार्ट सिटी बनाने का प्रस्ताव पारित किया गया। इस प्रस्ताव को अब प्रधानमंत्री कार्यालय भेजा जाएगा। यह जानकारी पलामू चैंबर अध्यक्ष आनंद शंकर ने दी है। बताया कि प्रधानमंत्री कार्यालय ने झारखंड चैंबर से सूबे के विभिन्न जिलों के सर्वागीण विकास के लिए प्रस्ताव मांगा था। चैंबर की बैठक में बतौर विशिष्ट अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज सिंह उपस्थित थे। बताया गया कि आगामी 24 सितंबर को पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा के पलामू दौरे के क्रम में चैंबर के साथ एक बैठक आयोजित की जाएगी। इसमें व्यवसायियों की समस्याओं को साझा किया जाएगा। बैठक में नीलेश अग्रवाल को पुन: झारखंड चैंबर का उपाध्यक्ष बनाए जाने पर अभिनंदन किया गया। बैठक की अध्यक्षता आनंद शंकर व संचालन पवन लाठ ने किया। मौके पर भाजपा के जिला महामंत्री विजय ओझा, पंकज जायसवाल, कुंदन गुप्ता, कृष्णा अग्रवाल, अरूण अग्रवाल, प्रदीप बाबुल, संजय अग्रवाल, रंजीत मिश्रा, भूपेंद्र सिंह, लडू खान, फिरोज अंसारी, रसूल मोहम्मद समेत कई चैंबर सदस्य उपस्थित थे।