श्रम विभाग के कर्मियों की कलमबंद हड़ताल आज
संसू, मेदिनीनगर : श्रम विभाग के कर्मचारियों की बैठक रविवार को सहायक श्रमायुक्त कार्यालय में हुई। इसमें राष्ट्रीय स्वास्थ्य बीमा योजना के डीपीएम ऋतुराज पाठक के साथ की गई मारपीट की निंदा की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि घटना के विरोध में 15 सितंबर को सभी कर्मी कलमबंद हड़ताल पर रहेंगे। बैठक में इस घटना में शामिल आटो रिक्सा चालक के यूनियन अध्यक्ष राकेश कुमार सिंह व मनोरमा कुमारी पर कार्रवाई की मांग की गई। कहा गया कि कार्रवाई नहीं होने पर सभी कर्मी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे। बैठक में लिए गए निर्णय की जानकारी श्रमायुक्त रांची, उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक व श्रम अधीक्षक को दी गई। ज्ञातव्य हो कि 13 सितंबर को श्री पाठक ने शहर थाना में आवेदन देकर राकेश कुमार सिंह व मनोरमा कुमारी पर मारपीट व दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया था। बैठक में त्रतुराज पाठक, प्रमोद कुमार, शंभू राम, विश्वनाथ राम, लक्ष्मी देवी, सुरेश शर्मा समेत काफी संख्या में कर्मचारी उपस्थित थे।