दिखेगा दार्जिलिंग का पहाड़ व लखनऊ का भूल-भुलइया
मेदिनीनगर : स्थानीय साहित्य समाज चौक मैदान में दार्जिलिंग के चाय का पहाड़ व लखनऊ भूल-भुलइया का नजारा देखने को मिलेगा। सार्वजनिक दुर्गापूजा समिति इस बार शहरवासियों को आकर्षित करने के लिए पहाड़ के अंदर भूल-भुलइया का प्रारूप तैयार कर रहा है। इसकी अनुमानित लागत करीब सात लाख रुपये है। इसकी तैयारी में समिति के पदाधिकारी सक्रियता से लगे हुए हैं।
1980 में वर्तमान वार्ड पार्षद हिरामणि राम ने सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति की स्थापना की थी। इसके बाद से लगातार समिति भव्य रूप से दुर्गा पूजा मना रही है। पूजा समिति के सचिव वार्ड पार्षद हेमंत तिवारी ने कहा कि शहरवासियों को आकर्षित करने के लिए करीब सात लाख रूपए की लागत से दुर्गा पूजा पंडाल तैयार करने की योजना है। बाहर से तो दार्जिलिंग के चाय का पहाड़ का नजारा दिखेगा, लेकिन अंदर में भूल-भुलइया बनाने की तैयारी है। मां के दर्शन के बाद अंदर से बाहर निकलने के अनेकों रास्ते होंगे। श्रद्धालु अंदर घुसकर भूल-भुलइया का भी अहसास करेंगे। यह शहरवासियों के लिए आकर्षण का केंद्र होगा। बताया कि समिति द्वारा कुछ राशि चंदा के माध्यम से इकट्ठा किया जाता है। शेष खर्च समिति के लोग स्वयं वहन करते हैं।
समिति में अध्यक्ष छोटू सिंह, सचिव हेमंत तिवारी के अलावा गोरख शर्मा उपाध्यक्ष, बिकू सिंह कोषाध्यक्ष, कौशल उप संरक्षक, किशोर उप सचिव, सुधीर सिंह, गुड्ड व पिंकू पंडाल मंत्री, पिंकू व फंटूस पूजा मंत्री समेत सदस्य के रूप में मिंटू, चंदन, विक्की रंजन, राजीव जायसवाल, सुबोध राजन, रिंकू, विनोद, धीरज, बबलू, छोटू, रितेश, राहुल, चंदन व नन्हकू दुबे का नाम शामिल है।