लोकल बॉडीज इंप्लाइज फेडरेशन के सदस्यों ने नप कार्यालय में किया हंगामा
मेदिनीनगर : झारखंड लोकल बॉडीज इंप्लाइज फेडरेशन की स्थानीय इकाई ने सोमवार को नगर परिषद कार्यालय में हंगामा किया। फेडरेशन के नगर विकास विभाग झारखंड सरकार के जारी पत्र के आलोक में कर्मियों की सेवा स्थाई करने के लिए झारखंड सरकार नगर विकास विभाग को सूची भेजने की मांग कर रहे थे। वहीं अध्यक्ष ने तत्काल कार्यपालक पदाधिकारी को बुलाया और अद्यतन स्थिति की जानकारी ली। नगर परिषद अध्यक्ष पूनम सिंह ने बताया कि फौरन कर्मियों की सेवा स्थाई के लिए पत्र राज्य सरकार को भेजा जाए। बाद में 95 दैनिक वेतनभोगी मजदूरों की सूची सहित पत्र नगर विकास विभाग झारखंड सरकार को भेजा गया। फेडरेशन के अध्यक्ष सुखदेव राम ने बताया कि पत्र जारी हुए दो माह बीतने को है। ऐसे में टाल-मटोल की नीति चिंतनीय है। मालूम हो कि नगर विकास विभाग ने पत्रांक 2110 व दिनांक 29 मई 2014 के माध्यम से नगर परिषद में जनवरी 2011 के पूर्व से कार्यरत दैनिक वेतनभोगी मजदूरों की सेवा रिक्ति के विरूद्ध वरीयता के आधार पर सामंजित करने के लिए पत्र जारी किया था। मौके पर वार्ड पार्षद धीरज राज प्रसाद, हिरामणि समेत कर्मी सुखदेव राम, विशुन, संतोष, बबलू, अजय व चंद्रशेखर आदि उपस्थित थे।