चुंबन प्रतियोगिता पर विवाद, झामुमो के विधायक साइमन मरांडी को नोटिस
पार्टी प्रमुख शिबू सोरेन ने इस बाबत विधायक साइमन मरांडी को कारण बताओ नोटिस भेजा है।
रांची, राज्य ब्यूरो। झारखंड के पाकुड़ में चुंबन प्रतियोगिता कराने वाले झामुमो के विधायक साइमन मरांडी भले ही चौतरफा निशाने पर हैं, लेकिन वे अभी भी आयोजन के पक्ष में दलीलें देते नहीं थकते। विधानसभा की कार्यवाही में भाग लेने आए साइमन मरांडी से जब इस बाबत मीडियाकर्मियों ने सवाल दागा तो उन्होंने बगैर किसी हिचक के कहा कि बेकार का हायतौबा मचाया जा रहा है। यह आयोजन पारंपरिक है। विरोध करने वाले सस्ता प्रचार पाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसा पहले भी होता रहा है और आगे भी होता रहेगा।
दूसरी ओर राज्य सरकार की मंत्री लुइस मरांडी ने कहा कि वह भी संताल परगना से आती हैं। ऐसे अश्लील आयोजन की परंपरा में कोई जगह नहीं है। लोग इसे बिना वजह परंपरा बताते फिर रहे हैं। यह अश्लीलता परोसने जैसा है। संताल में चुंबन प्रतियोगिता कभी नहीं हुई। झामुमो आधुनिकता के नाम पर अश्लील बातों को प्रश्रय दे रहा है।
ये विधानसभा में चुंबन प्रतियोगिता कराने की मांग न कर बैठें : सरयू
राज्य के संसदीय कार्यमंत्री सरयू राय ने भी पाकुड़ में झामुमो द्वारा चुंबन प्रतियोगिता का आयोजन कराए जाने पर चुटकी ली। कहा, विपक्ष कोई भी मांग कर सकता है। जैसा माहौल पैदा किया जा रहा है, उससे यह भी संभव है कि विपक्ष विधानसभा के भीतर भी चुंबन प्रतियोगिता कराने की मांग उठा सकता है।
पाकुड़ में सड़क पर उतरी भाजपा
पाकुड़ जिले के लिट्टीपाड़ा प्रखंड के डुमरिया मेला में आयोजित चुंबन प्रतियोगिता को लेकर भाजपाइयों में उबाल है। भाजपा किसान मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने पाकुड़ के गांधी चौक पर मंगलवार को लिट्टीपाड़ा विधायक साइमन मरांडी का पुतला फूंका। विधायक साइमन मरांडी और प्रो. स्टीफन मरांडी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इसका नेतृत्व भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश मंत्री अनंत तिवारी ने किया।
झामुमो ने थमाया नोटिस
पाकुड़ में चुंबन प्रतियोगिता के विवाद को ठंडा करने की कोशिश झारखंड मुक्ति मोर्चा के शीर्ष नेतृत्व ने शुरू कर दी है। पार्टी प्रमुख शिबू सोरेन ने इस बाबत विधायक साइमन मरांडी को कारण बताओ नोटिस भेजा है। नोटिस में डुमरिया में हुए आयोजन के बारे में विस्तृत जवाब मांगा गया है। नोटिस में जिक्र है कि बीते 11 दिसंबर को विभिन्न समाचार माध्यमों में आई सूचना के बाबत साइमन अपना पक्ष स्पष्ट करें।
यह भी पढ़ेंः झामुमो विधायक ने कराई चुंबन प्रतियोगिता, हिंदू मंच करेगा आंदोलन